मिर्जापुर। विंध्याचल थाना क्षेत्र के महोखर गांव के पास दूल्हे के चाचा पर गाड़ी चढ़ा कर हत्या करने के आरोपी बोलेरो चालक को पुलिस ने मंगलवार को जेल भेज दिया। पुलिस लाइन में आयोजित पत्रकार वार्ता में आरोपी को प्रस्तुत कर पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार मिश्रा ने इसकी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पूछताछ में आरोपी बोलेरो चालक ने बताया है कि बराती को वाहन से उतारने को लेकर विवाद हुआ था।
कोलाही गांव निवासी राकेश धर दुबे के पुत्र प्रमोद कुमार दुबे की बरात रविवार की रात मिर्जापुर के रीवा रोड स्थित राम जानकी पैलेस में गई थी। सोमवार को सुबह करीब साढ़े चार बजे विवाह की रस्में पूरी होने पर रिश्तेदार आदि घर के लिए निकल रहे थे। दूल्हे के चाचा राजेशधर दुबे (50) कुछ लोगाें के साथ बोलेरो में सवार होकर घर के लिए निकले। उन्होंने बताया कि राजेश धर के भाई राकेश धर ने थाने में तहरीर देकर आरोप लगाया है कि राजनीतिक चर्चा के चलते विवाद हुआ। राजेश धर ने धीरेंद्र पांडेय को महोखर छोड़ने के लिए कहा। इस पर चालक ने इंकार कर दिया। वाहन बुकिंग करने वाले व्यक्ति से बात होने पर बोलेरो चालक महोखर तक छोड़ने गया। इसके बाद चालक ने वाहन का दरवाजा खोलकर राजेश धर दुबे को धक्का मारकर नीचे गिरा दिया और जानबूझकर गाड़ी चढ़ाकर उनके भाई की हत्या कर दी।
पुलिस अधीक्षक ने दावा किया कि परिजनों की तहरीर पर आरोपी को छह घंटे के अंदर गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी काे मंगलवार को जेल भेज दिया गया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि बोलेरो से बरातियों को लेकर जा रहा था। जगह-जगह बरातियों को उतारा जा रहा था। इस पर विवाद हुआ। बोलेरो चालक का कहना था कि सभी लोग एक जगह उतर जाएं। उसे दूसरे बुकिंग में जाना है।
आरोपी ने यह भी बताया कि गाड़ी महोखर के पास रुकी तो राजेश धर उतरे और आगे जाकर अचानक मुड़ गए। बोलेरो चालक ने उनको टक्कर मारी और बचाने के चक्कर में पूरी गाड़ी चढ़ा दी। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि परिजनों के तहरीर पर पूरे मामले की जांच की जा रही है। गाड़ी में बैठे लोगों का बयान दर्ज किया जाएगा। बाकी सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों की तलाश की जा रही है।