हलिया। थाना क्षेत्र के केड़वर गांव में प्रेमिका की गला रेत कर हत्या करने के आरोपी युवक को पुलिस ने शनिवार की दोपहर गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। केड़वर गांव में बेलन नदी के किनारे बीते 23 मई को संदिग्ध परिस्थितियों में महिला घायल अवस्था में मिली थी। जिसकी उपचार के दौरान मौत हो गई। इस संबंध में प्रयागराज जनपद के मांडा थानांतर्गत जादवपुर गांव निवासी महिला के भाई राजकुमार कोल ने 28 जुलाई को बहन के ससुर-सास, जेठ के खिलाफ हत्या का आरोप लगाते हुए विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया था। मामले की जांच सीओ लालगंज भानु प्रकाश सिंह कर रहे हैं। पुलिस ने ससुर-सास जेठ पर लगा आरोप गलत पाया। जांच में पता चला कि महिला और उसके प्रेमी ने एक दूसरे की गला रेत आत्महत्या की कोशिश की। इसमें प्रेमिका की मौत हो गई। प्रेमी वाराणसी के एक निजी चिकित्सालय में उपचार के दौरान बच गया। प्रेमी पर हत्या का आरोप पाया गया। इसके बाद मृतक महिला के प्रेमी संतोष उर्फ कृपा कोल को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। प्रभारी निरीक्षक अमित सिंह ने बताया कि महिला की गला रेतकर हत्या के आरोपी प्रेमी संतोष उर्फ कृपा कोल को घर से पकड़ कर जेल भेज दिया गया।