जमालपुर। स्थानीय विकास खंड के समस्त ग्राम पंचायतों में वर्ष 2018, 19, 20 और 21 में मनरेगा कार्यों धांधली का आरोप लगाते हुए अन्न दाता मंच के संयोजक रमेश सिंह ने खंड विकास अधिकारी को पत्रक सौंप कर जांच की मांग की है। आरोप है कि सरकार के श्रमिकों के लिए कल्याणकारी मनरेगा जैसी योजना में व्यापक तौर पर गड़बड़ी की गई है। मजदूरों के विकास के लिए चलाई गई योजनाओं में मनमानी की गई है। कहा कि ब्लाक पर बैठे अधिकारियों और कर्मचारियों की मिलीभगत से बिना काम कराए फर्जी ढंग से मस्टररोल और बिल हेराफेरी कर करोड़ों रुपये का भुगतान कराया गया। उन्होंने कहा कि किसी भी ग्राम पंचायत में मनरेगा से हो रहे कार्य के दौरान मस्टररोल के हिसाब से श्रमिकों की उपस्थिति नहीं होती। अन्नदाता मंच संयोजक ने कहा कि करोना काल के समय अधिकारियों के सह पर ग्राम प्रधान और सचिवों द्वारा मनरेगा मस्टरोल निकाल कर गबन किया गया। संयोजक ने जिलाधिकारी को संबोधित पत्रक में उन्होंने समस्त गांवों में मनरेगा के तहत हुए कार्यों कि जांच कराने की मांग की है।