मड़िहान। अपहरण एवं दुष्कर्म के आरोप में तीन माह से फरार चल रहे 20 हजार के ईनामी आरोपी को पुलिस ने रविवार को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को जेल भेज दिया गया।
पिछले वर्ष सितंबर में नाबालिग घर का सामान लेने दुकान पर गई थी। वापस नहीं लौटी तो परिजनों को चिंता होने लगी। पीड़िता की मां ने 14 सितंबर को मड़िहान थाने में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज करवाई। इसी बीच जानकारी मिली कि गांव की एक महिला के शह पर युवक किशोरी का अपहरण कर फरार हो गया। पुलिस ने आरोपी महिला को गिरफ्तार कर जेल भेजा था। युवक किशोरी को जंगल मे छोड़कर फरार हो गया। पुलिस अधीक्षक द्वारा आरोपी युवक पर 20 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया। रविवार को पुलिस को जानकारी मिली की आरोपी कोटवा जंगल में है। इस पर कार्रवाई करते हुए मड़िहान पुलिस ने जंगल में दबिश देकर आरोपी को पकड़ लिया। प्रभारी थानाध्यक्ष शिव प्रकाश यादव ने बताया कि अपहरण, रेप और पॉक्सो एक्ट में आरोपी को जेल भेजा गया है।