चील्ह। जिले में बच्चा चोरी की अफवाह के बीच एक लड़कियों के अपहरण करने वाले सक्रिय हैं जबकि पुलिस चुपचाप बैठी है। आए दिन क्राइम मीटिंग में अधिकारी गश्त बढ़ाने और सख्ती का निर्देश दे रहे लेकिन थाना पुलिस लापरवाह बनी है। इसी का नतीजा है कि थाना क्षेत्र चील्ह के नएपुर तिलठी गांव से शनिवार की दोपहर के समय बाजार में सामान लेने निकली दिव्यांग किशोरी का पटेहरा मोड़ के पास बोलेरो सवारों ने अगवा कर लिया। औराई चीनी मिल के पास अपहरणकर्ता गाड़ी रोककर चाय पी रहे थे तभी गाड़ी के पास गुजर रहे वृद्ध ने किशोरी की आवाज सुनकर उसे गाड़ी से निकाल लिया। देर शाम जानकारी होने पर चौकी प्रभारी किशोरी के घर पहुंचे, पर थाना प्रभारी को इस मामले में देर शाम तक कोई जानकारी नहीं मिली। क्षेत्र के नएपुर तिलठी गांव निवासी किशोरी हाईस्कूल की छात्रा है। वह दोपहर एक बजे घर से कापी लेने सड़क पर जा रही थी। तभी बोलेरो सवार पटेहरा मोड़ के पास उसे पकड़ कर वाहन में बैठा लिए। गाड़ी में मारा पीटा और हाथ-पैर बांध दिया। उसे औराई की तरफ ले कर भागे। औराई चीनी मिल के पास एकांत में वाहन खड़ा करके कुछ दूर पर चाय पीने चले गए। मौका देखकर किशोरी ने वाहन के गेट को पीटते हुए शोर मचाने लगी। उसी वक्त रास्ते से गुजर रहे वृद्ध ने उसकी आवाज सुनकर गेट खोल कर उसे बाहर निकाला। हाथ-पैर में बंधी रस्सी को खोला। इसके बाद किशोरी गांव की तरफ भागी। इस संबंध में थाना प्रभारी अशोक कुमार ने कहा कि मामले की जानकारी नहीं है। जानकारी लेकर छानबीन की जाएगी।