लालगंज। चेरुईराम गांव के पास बृहस्पतिवार की सुबह टहल कर घर की ओर रहे एक युवक को पीछे से आ रहे तेज रफ्तार पिकअप ने टक्कर मार दिया। टक्कर लगने से युवक 30 फीट दूर जा गिरा। हादसे में युवक की मौके पर ही मौत हो गई।
चेरुईराम गांव निवासी नरेंद्र (30) प्रतिदिन सुबह टहलने जाते थे। वे बृहस्पतिवार की सुबह टहलने के लिए निकले थे। घर से आगे पानी की टंकी तक जाने के बाद वे अपने घर की ओर लौट रहे थे। घर से कुछ दूर मिर्जापुर से मध्य प्रदेश की ओर जा रही पिकअप ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि नरेंद्र 30 फीट दूर जा गिरे। हादसे में नरेंद्र की मौके पर ही मौत हो गई। पिकअप चालक हादसे के बाद गाड़ी लेकर फरार हो गया। उधर, घर के पास हादसा होने पर परिवार और गांव के लोग मौके पर पहुंचे। पुलिस को सूचना दी गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।पुलिस सीसी फुटेज की मदद से छानबीन में जुटी है। नरेंद्र से एक ढाई साल की पुत्री है। लालगंज थानाध्यक्ष संजय सिंह ने बताया कि पिकअप के टक्कर से युवक की मौत हो गई। पिकअप चालक की तलाश की जा रही है।