फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Mirzapur News: शास्त्री पुल की रेलिंग पर बैठकर रील बनवा रहा युवक गंगा में गिरा, तलाश में जुटी पुलिस

विज्ञापन
शास्त्री पुल से रील बनाते समय गंगा में युवक के गिरने के बाद देखते लोग। स्राेत- सोशल मीडिया
विज्ञापन
मौसेरे भाई के साथ भदोही से विंध्याचल मां विंध्यवासिनी का दर्शन करने जाते समय एक युवक चील्ह थाना क्षेत्र के शास्त्री पुल पर रुक गया। रेलिंग पर बैठकर वह रील बनवाने लगा। इस दौरान संतुलन बिगड़ने पर वह गंगा नदी में गिर गया। गंगा नदी में गिरते ही मोबाइल पर रील बना रहा मौसेरे भाई शोर मचाने लगा। लोगों की भीड़ लग गई। देखते-ही-देखते वह गंगा नदी में समा गया। सूचना पर चील्ह थाने की पुलिस माैके पर पहुंच गई। स्थानीय गोताखोर व एसडीआरएफ को बुलाकर खोजबीन में युवक की जुट गई है। भदोही के गोपीगंज थाना क्षेत्र के सुंदरपुर डूहिया गांव निवासी सुमित शुक्ला (28) अपने मौसेरे भाई सुरियावा थाना क्षेत्र के नागमालपुर गांव निवासी सक्षम पांडे (20) के साथ बृहस्पतिवार को दोपहर 12 बजे बाइक से विंध्याचल दर्शन करने जा रहा था। चील्ह थाना क्षेत्र के मिर्जापुर-औराई मार्ग पर शास्त्री पुल पर दोनों रुक गए। बाइक खड़ी करने के बाद सुमित शुक्ला रेलिंग पर बैठ गया। उसका मौसेरे भाई सक्षम पांडे उसकी रील बनाने लगा। इसी समय सुमित शुक्ला का संतुलन बिगड़ गया। वह सिर के बल पुल के नीचे पलट गया। जब तक सक्षम पांडे दौड़कर पकड़ता तब तक सुमित शुक्ला गंगा नदी में गिर गया। गंगा में गिरने के बाद कुछ देर तक हाथ-पांव चलता रहा। पुल पर खड़ा सक्षम पांडे शोर मचाता रहा लेकिन कुछ देर बाद सुमित शुक्ला गंगा नदी में समाकर लापता हो गया। घटना को देख मौके पर राहगीरों की भीड़ जुट गई। घटना की सूचना पर मौके पर पहुंची चील्ह पुलिस परिजनों को सूचना देते हुए स्थानीय गोताखोरों व एसडीआरएफ टीम बुलाकर गंगा में लापता सुमित शुक्ला की तलाश में जुटी है। घटना की सूचना पर परिजन भी मौके पर पहुंच गए। पिता दिवाकर मिश्रा ने बताया कि सुमित शुक्ला की नवंबर में शादी होने वाली थी। वह दर्शन करने घर से निकला था। थानाध्यक्ष चील्ह भरत उपाध्याय ने बताया कि शास्त्री पुल पर रील बनाते समय युवक गंगा नदी में गिर गया। गोताखोर व एसडीआरएफ की मदद से उसकी तलाश की जा रही है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें