लालगंज थाना क्षेत्र के चिरुईराम गांव के पास हादसे में मृत संतोष कुमार। स्रोत- परिजन
लालगंज। वाराणसी रीवां-हाईवे पर लालगंज थाना क्षेत्र के चिरुईराम गांव स्थित पानी टंकी के सामने बुधवार की रात ट्रक की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत हो गई। वह बहन को खिचड़ी पहुंचाकर घर लौट रहा था। थानाध्यक्ष अभय कुमार सिंह ने बताया कि प्रयागराज के कोराव थाना क्षेत्र के मड़फा कला निवासी संतोष कुमार (20) बुधवार की शाम लालगंज थाना क्षेत्र के रेही गांव निवासी अपनी बहन आशा के घर खिचड़ी पहुंचाने गया था। रात में बाइक से घर लौट रहा था। चेरुईराम के पास एक ट्रक ने बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में संतोष गंभीर रूप से घायल हो गया। ग्रामीणों ने उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। वहां डाक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक दो भाईयों में बड़ा था। परिजनों को सूचना देकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।