पटेहरा। संतनगर थाना क्षेत्र के एक गांव में 2023 में साजिश के तहत एसटीएफ बनकर किशोरी को आरोपी के पास ले जाने के आरोप में पुलिस ने प्रयागराज निवासी पूजा को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी समेत पांच लोग पहले ही पाॅक्सो व दुष्कर्म के मामले में जेल जा चुके हैं। किशोरी के पिता का आरोप है कि तीन मार्च 2023 को 15 वर्षीय पुत्री सिवान में पालतू पशु चराने गई थी। वे पत्नी के साथ खेत पर सरसों काटने गए थे। शाम को घर लौटे तो पुत्री घर पर नहीं थी। काफी खोजबीन के बाद भी पुत्री नहीं मिली। इसके बाद थाने में तहरीर दी गई। कार्रवाई न होने पर एसपी को प्रार्थना पत्र दिया। एसपी के निर्देश पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज की गई। इसके बाद आरोपी पुत्री को घर के पास छोड़कर भाग गए थे। बेटी के बयान पर पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगी थी। थानाध्यक्ष राजेश कुमार ने बताया कि एसटीएफ बनकर गाड़ी से आए लोग किशोरी को पूछताछ के बहाने आरोपी के पास छोड़ गए थे। मामले में दुष्कर्म का मुख्य आरोपी समेत पांच लोग पहले गिरफ्तार हो चुके हैं। एसटीएफ की सदस्य बनकर किशोरी को ले जाने के मामले में आरोपी पूजा निवासी सराय ममरेज भदारी थाना सराय ममरेज जनपद प्रयागराज को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया। दो अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है।