ड्रमंडगंज। बेलन बरौंधा स्थित इंडियन बैंक की शाखा के गेट पर सोमवार को दोपहर करीब सवा एक बजे खून की उल्टी होने के बाद एक व्यक्ति की मौत हो गई। जानकारी मिलते ही बरौंधा चौकी प्रभारी ने मौके पर पहुंचकर परिजनों को सूचना दी।
कोटा शिवप्रताप सिंह निवासी 59 वर्षीय लालमणि कोल सोमवार को इंडियन बैंक की बरौंधा शाखा में केवाईसी कराने के लिए गए थे। दोपहर करीब सवा एक बजे केवाईसी कराने के बाद बैंक परिसर से बाहर निकलते समय गेट पर ही लालमणि को अचानक खून की उल्टी होने लगी। उसके बाद देखते ही देखते लालमणि ने वहीं दम तोड़ दिया। सूचना पर उनके परिजन भी मौके पर पहुंच गए। परिजनों से मिली जानकारी के बाद पुलिस ने बताया कि लालमणि करीब एक साल से अस्वस्थ चल रहे थे। थानाध्यक्ष संजय कुमार सिंह ने बताया कि परिजनों की मौजूदगी में बरौंधा चौकी प्रभारी जयशंकर राय ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।