मिर्जापुर। टेलिकाम कंपनी का टावर लगवाने के नाम पर जिले के चुनार निवासी व्यक्ति से साढ़े सात लाख रुपये की ठगी करने के आरोपी को गिरफ्तार करने के बाद परिक्षेत्रीय साइबर थाने की पुलिस ने जब आरोपी के पास मिले मोबाइल फोन आदि की छानबीन की तो पता चला कि उसने तीन अन्य लोगों से लाखों रुपये की ठगी की है। चुनार थाना क्षेत्र के अमरेश ने नौ दिसंबर को 2022 को परिक्षेत्रीय थाने में तहरीर देकर बताया कि मोबाइल टावर लगाने के नाम पर ऑनलाइन बेवसाइट पर आवेदन किया। जहां से उसके साथ सात लाख 52 हजार 995 रुपये की ठगी की गई। परिक्षेत्रीय साइबर क्राइम थाने ने मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू की।
परिक्षेत्रीय साइबर थाने की पुलिस ने हरियाणा जाकर आरोपी छोटू को गिरफ्तार कर शुक्रवार को मिर्जापुर लेकर आई। उसके पास मिले मोबाइल फोन आदि की छानबीन की तो पता चला कि आरोपी ने तीन अन्य लोगों से लाखों रुपये की ठगी की है।
परिक्षेत्रीय साइबर क्राइम थाना प्रभारी श्याम बहादुर सिंह ने बताया कि ठग ने वैसे तो कई लोगों को ठगा है, परंतु हाल ही में उसने गोरखपुर के अनिल मणि त्रिपाठी से तीन लाख 46 हजार रुपये, दिल्ली के तैंबुर नगर न्यू फ्रेंड्स कालोनी साउथ दिल्ली निवासी अनुज चौहान से 18 हजार 200 रुपये और मध्य प्रदेश के राम विलास से पांच लाख 50 हजार रुपये की ठगी की है। जिसकी जांच वहां की पुलिस कर रही है।