मिर्जापुर/अहरौरा। अहरौरा थाने के नई बाजार में सोमवार की सुबह विवादित जमीन पर कब्जे को लेकर व्यापारी की पिटाई का एक वीडियो वायरल हो रहा है। हिस्ट्रीशीटर के परिवार ने व्यापारी के परिजनों की जमकर पिटाई की। पिटाई से पिता-पुत्र गंभीर रूप से घायल हो गए। बेरहमी से पिटाई करने का वीडियो भी वायरल हो रहा है। पीड़ित थाने का चक्कर लगा रहा है। उधर, पुलिस विपक्षी की तहरीर पर पीड़ित के खिलाफ ही मुकदमा दर्ज लिया है। मामला तूल पकड़ने पर पूर्व विधायक ललितेशपति त्रिपाठी ने एक्स पर पोस्ट कर कार्रवाई की मांग की है।
व्यापारी शिवम केसरी ने बताया कि बैनामा की भूमि पर हिस्ट्रीशीटर व उसके परिजनों द्वारा बलपूर्वक कब्जा करने का कई बार प्रयास किया जा चुका है। सोमवार को सुनियोजित तरीके से 10 से 15 लोगों ने जमीन पर कब्जा करने की नीयत से धावा बोल दिया। मना करने पर लाठी डंडों से जमकर पिटाई की। पिटाई कर पिता नंदलाल केसरी का पैर तोड़ दिया। उसे भी गंभीर रूप से घायल कर दिया। पत्नी को भी पीटा। मोबाइल फोन और सोने की चेन छीन ले गए। उन्होंने आरोप लगाया कि अहरौरा थाने में शिकायत के बावजूद पुलिस आरोपियों पर कार्रवाई नहीं कर रही है। कई बार थाने का चक्कर लगा चुके हैं। विपक्षी दबंग और हिस्ट्रीशीटर हैं। आरोपियों के खिलाफ कई थानों में संगीन अपराध के मुकदमे दर्ज हैं। उधर, व्यापारी को ईंट से कूंचने का वीडियो भी वायरल हो रहा है। वीडियो वायरल होने पर पूर्व विधायक ललितेशपति त्रिपाठी ने एक्स पर पोस्ट कर कार्रवाई की मांग की है। इस बीच पुलिस ने दूसरे पक्ष की तहरीर पर शिवम केसरी समेत चार लोगों के खिलाफ एनसीआर दर्ज कर लिया है। थानाध्यक्ष बृजेश सिंह का कहना है कि दो पक्षों में जमीन का विवाद हुआ है। जिस पक्ष का वीडियो वायरल हुआ है, उनकी तहरीर नहीं मिली है। वे मारपीट के इस मामले में छीनैती का आरोप लगा रहे हैं। मारपीट की तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज किया जाएगा। दूसरे पक्ष की तहरीर पर शिवम समेत चार पर एनसीआर दर्ज किया गया है।