लालगंज बाइक से गिरकर मृत एएनएम आशा देवी की फाइल फोटो। स्रोत- परिवार
लालगंज। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लालगंज में तैनात एएनएम आशा देवी सोमवार की दोपहर बेटे के साथ बाइक से घर लौट रही थी। चितांग मोड़ के पास बाइक के पहिए में साड़ी फंसने से वह गिरकर घायल हो गई। सीएचसी ले जाने पर डाक्टर ने मृत घोषित कर दिया। अप्रैल में आशा के बेटे की शादी तय है। मां की मौत ने परिवार की खुशियों को मातम में बदल दिया। थानाध्यक्ष अभय कुमार सिंह ने बताया कि लहंगपुर क्षेत्र के चितांग गांव में आयुष्मान का गोल्डन कार्ड बनाने के लिए सोमवार की सुबह एएनएम आशा देवी (55) गई थी। दोपहर अपना कार्य करके पुत्र के साथ बाइक से घर लौट रही थीं। वह तुलसी गांव के पास चितांग मोड़ पर पहुंचीं तो अचानक उनकी साड़ी बाइक के पिछले पहिए में फंस गई। साड़ी खिंचते ही बाइक अनियंत्रित हो गई और आशा देवी झटके के साथ सड़क पर गिरकर लहूलुहान हो गईं। राहगीरों की मदद से उन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लालगंज ले जाया गया। वहां चिकित्सक डाॅ. कैलाशनाथ बिंद व डाॅ. मनिंदर सिंह ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। आशा देवी की मौत की खबर मिलते ही परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। मृतका के पुत्र सौरभ पटेल का विवाह 20 अप्रैल को होना तय है, लेकिन इस हादसे से खुशियों के आंगन में मातम फैला गया। छोटा पुत्र शुभम अभी पढ़ाई कर रहा है। ड्यूटी के दौरान दुर्घटना से स्वास्थ्य महकमे में भी शोक की लहर दौड़ गई है। काफी संख्या में कर्मचारी अस्पताल पहुंच गए। अस्पताल प्रशासन द्वारा मामले की सूचना पुलिस को दे दी।