सक्तेशगढ़। चुनार थाने के टेढि़या गांव में बंद पड़े ढाबा में पत्थर पर सोमवार की रात एक व्यक्ति का शव देख ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शिनाख्त कराकर परिजनों को सूचना दी। छानबीन में पता चला कि वह व्यक्ति कर्ज में डूबा था। इस कारण से जहर खाकर जान दे दी।
सक्तेशगढ़ पुलिस चौकी के टेढि़या गांव में लगभग चार साल से एक ढाबा बंद पड़ा है। ढाबा में पत्थर की एक चौकी बैठने के लिए बनी है। उसी पत्थर पर सोमवार की रात अंडरवियर व बनियान पहने एक व्यक्ति को पड़े देख आस-पास के खेतों में सिंचाई करने गए किसान मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। उस व्यक्ति के कपड़े तथा बाकी सामान बगल में पड़े हुए थे। उसके पास एक आधार कार्ड मिला। जिस पर संतोष कुमार निवासी ऐबकपुर लिखा हुआ था। ग्रामीणों ने आधार कार्ड उसी व्यक्ति की होने की आशंका जताई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेने के बाद शिनाख्त कराकर परिजनाें को सूचना दी। सीओ चुनार मंजरी राव ने बताया कि शव की शिनाख्त संतोष कुमार कुश्वाहा (37) निवासी ऐवकपुर मोहाना के रूप में हुई है। फॉरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर छानबीन की है। छानबीन में पता चला कि संतोष कुमार पर बहुत कर्ज था। इसके चलते उसने जहर खा लिया। जहर खाने से उसकी मौत हुई है। परिजनों की तहरीर के आधार पर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।