जमालपुर थाना क्षेत्र के रामपुर-जमालपुर मार्ग पर भदावल गांव के पास हुआ
जमालपुर। क्षेत्र के रामपुर-जमालपुर मार्ग पर भदावल गांव के पास बुधवार शाम को साइकिल से गोविंदपुर सामान लेने जा रहे ओड़ी गांव निवासी बादल (10) को बाइक सवार ने टक्कर मार दी। हादसे में घायल बालक को सीएचसी ले जाया गया। वहां से बीएचयू ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया गया। जहां उपचार के दौरान रात को बादल की मौत हो गई। क्षेत्र के ओड़ी गांव निवासी लालबाबू का पुत्र बादल बुधवार की शाम साइकिल से जरुरी सामान लेने के लिए गोविंदपुर आ रहा था। पीछे से बाइक चालक ने टक्कर मार दी। थानाध्यक्ष अमित कुमार ने बताया कि बालक के दादा नरेश की तहरीर पर पुलिस ने लापरवाही पूर्वक बाइक चला रहे भदावल गांव के गोविंदपुर निवासी पतालू पटेल के खिलाफ संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली है। बालक की मौत से उसके दादा, पिता लालबाबू, माता छोटक, भाई और बहनों का रो-रोकर हाल बेहाल है। बालक तीन भाइयों और एक बहन में बड़ा था।