हलिया/ मिर्जापुर। देहात कोतवाली क्षेत्र के नकहरा में बन रहे सीसी रोड निर्माण के दौरान शनिवार की शाम मालवाहक वाहन पीछे करते समय दबकर मजदूर की मौत हो गई।हलिया थाना क्षेत्र के बैधा गांव के ग्राम प्रधान लाले कोल ने बताया कि बैधा गांव निवासी सूरज कोल (20) देहात कोतवाली क्षेत्र के नकहरा में पीडब्ल्यूडी द्वारा आरसीसी सड़क निर्माण में मजदूरी कर रहा था। शनिवार की सुबह कार्य स्थल पर अलाव ताप रहा था। आरसीसी सड़क निर्माण का मैटेरियल लेकर बैक कर रहा मालवाहक उस पर चढ़ गया। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गया। मौके पर पहुंचे अन्य मजदूरों के सहयोग से ट्राॅमा सेंटर मिर्जापुर लाया गया। चिकित्सक ने ट्राॅमा सेंटर वाराणसी के लिए रेफर कर दिया गया। शनिवार की देर रात ट्राॅमा सेंटर वाराणसी में उसकी मौत हो गई। रविवार की सुबह उसका शव बैधा गांव पहुंचते ही कोहराम मच गया। मृतक की पिछले वर्ष शादी हुई थी। मृतक के पिता रंगीलाल व माता लालती का रो-रोकर हाल बेहाल हो गया।