मिर्जापुर। जिलाधिकारी अनुराग पटेल ने शनिवार को नगर के पथरहिया में स्थित विकास भवन पहुंचकर विभिन्न कार्यालयों का औचक निरीक्षण किया। डीएम ने एई लघु सिंचाई एवं जिला कृषि अधिकारी के अनुपस्थित रहने पर उनका वेतन रोकने का निर्देश सीडीओ को दिया। जिला समाज कल्याण अधिकारी द्वारा पेंशन पत्रावलियों का समय से सत्यापन न करने के कारण कड़ी चेतावनी दी गई। निरीक्षण दौरान जिला अल्प संख्यक एवं लघु सिंचाई विभाग और सहायक निबंधक कार्यालय में लिपिक के अनुपस्थित पाए जाने पर सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों का एक दिन का वेतन रोकने का निर्देश दिया। विकास भवन परिसर में स्थित समाज कल्याण अधिकारी कार्यालय में निरीक्षण दौरान जिलाधिकारी अनुराग पटेल ने चेतावनी देते हुए कहा कि जिस एडीओ समाज कल्याण द्वारा सत्यापन समय पर नहीं किया गया हो तो उसे शो कार्य नोटिस जारी करें। निरीक्षण दौरान जिला अल्प संख्यक विभाग में लिपिक गिरीश चंद्र मिश्र व विष्णु मिश्र भी अनुपस्थित पाए गए। इसी प्रकार लघु सिंचाई विभाग में हेल्पर राम प्रकाश, लिपिक विंध्यवासिनी प्रसाद सहित कृषि विभाग में लिपिक रुक्मिणी रमण सिंह, प्रदीप कुमार व सहायक निबंधक कार्यालय में लिपिक नौशाद अहमद अनुपस्थित पाए गए। जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों का एक दिन का वेतन रोकने का निर्देश मुख्य विकास अधिकारी को दिया। इसी क्रम में डीएम ने जिला समाज कल्याण कार्यालय में उर्दू अनुवादक रियाज अहमद द्वारा विभिन्न सरकारी योजनाओं में अपेक्षित प्रगति न लाने तथा मई-जून के प्रार्थना पत्र को छोड़कर नवंबर माह के प्रार्थना पत्रों पर शादी अनुदान स्वीकृत करने पर रियाज अहमद तथा बृजलाल मौर्य प्रभारी सहायक प्रबंधक को प्रतिकूल प्रविष्टि देने का निर्देश दिया। निरीक्षण दौरान डीएम ने पाया कि किसी भी विभाग में मूवमेंट रजिस्टर नहीं बनाया गया है। इस पर उन्होंने कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए मूवमेंट रजिस्टर बनाने तथा उस मूवमेंट दर्ज करने का निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिया गया। निरीक्षण के दौरान विभिन्न विभागों के कार्यालयों में चारों तरफ बिखरे सामानों एवं साफ-सफाई नहीं होने पर डीएम ने कड़ी नाराजगी व्यक्त की। इस दौरान सीडीओ प्रियंका निरंजन सहित कई विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।