मिर्जापुर। अनगढ़ स्थित बीएसएनएल कार्यालय पर ठेकाकर्मचारियों का धरना प्रदर्शन बीते 24 दिन से चल रहा है। उनका कहना है कि इसके चलते वह भूखमरी के कगार पर पहुंच गए हैं। बच्चों की पढ़ाई बाधित हो रही है। समस्याओं का समाधान करने की बजाए विभाग मौन है। महाप्रबंधक रामजी तिवारी से तीन बार वार्ता के बाद भी कोई हल नही निकला पाया। अनगढ़ स्थित बीएसएनएल कार्यालय पर टेलीकाम कैजुअल एंड कांट्रैक्ट वर्कर्स यूनियन के तत्वावधान में धरना प्रदर्शन जारी रहा। प्रांतीय सचिव जीत लाल मौर्य ने कहा कि बीएसएनएल के ठेकाकर्मियों की समस्याओं का निराकरण नही हो पा रहा है। जिला सचिव सुरेशचंद्र बिंद ने कहा कि बीएसएनएल कर्मचारी न्यूनतम वेतनमान, लंबित मजदूरी का भुगतान, मजदूरों को मजदूरी का भुगतान चेक अथवा सीधे खाते में करने की मांग कर रहे है। बीएसएनएल द्वारा मजदूरों का शोषण किया जा रह है। विभाग में करोड़ों रूपए के मजदूरी घोटाले की जांच होनी चाहिए। कर्मचारियों की मांगों को पूरा किया जाए। प्रशासनिक अधिकारियों के हस्तक्षेप के बाद दूरसंचार विभाग के प्रबंधक द्वारा महज आश्वासन दिया जा रहा है। आज तक संपूर्ण बकाया मजदूरी का भुगतान नहीं कराया गया है। बीएसएनएल के भ्रष्ट अधिकारियों द्वारा बर्बाद किया जा रहा है। मजदूरों के साथ अभद्र व्यव्हार किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि ईपीएफ, ईएसआई, सामाजिक सुरक्षा आदि सुविधाओं को नहीं दिया जा रहा है। जबकि उक्त सुविधाओं को लागू करने के लिए भारत सरकार, श्रम मंत्रालय और बीएसएनएल के उच्चाधिकारियों द्वारा आदेश जारी किया जा चुका है। इस दौरान संरक्षक दिनेश तिवारी, मनोज सिंह, छविंदर, अमित कुमार, बाल किशुन, अभय कुमार पांडेय, राज कुमार, कमलेश यादव, रमाकांत मौर्य, हीरालाल, शीतला प्रसाद, धीरेंद्र कुमार दुबे, राम कुमार, रामधनी, जितेंद्र यादव, अशोक गुप्ता, कल्लू आदि मौजूद रहे।