मिर्जापुर। पेंशन विसंगतियों सहित आठ सूत्री मांगों को पूरा करने के लिए लेखपाल संघ के तत्वावधान में लेखपालों का धरना प्रदर्शन गुरूवार को भी जिला मुख्यालय पर जारी रहा। जिला सह संयोजक राम आसरे ने कहा कि बीती रात लेखपालों का ई डिस्ट्रिक्ट पोर्टल हैक कर लिया गया। इससे लेखपाल संगठन में काफी रोष व्याप्त है। उन्होंने कहा कि लेखपाल संघ आगामी जून से ही ई डिस्ट्रिक्ट का बहिष्कार कर रहे है, यदि लेखपालों का पोर्टल हैक कर कोई प्रमाण पत्र जारी किया गया तो संपूर्ण जिम्मेदारी जिला प्रशासन की होगी। अध्यक्षता करते हुए वरिष्ठ लेखपाल राम कृपाल श्रीवास्तव ने कहा कि लेखपाल संघ एक अनुशासित संगठन है। लेखपाल संवर्ग की ज्वलंत समस्याओं को अनुशासित रूप से शासन के समक्ष उठाता रहा है। लेखपाल द्वारा कई बार मांगों की स्थिति से अवगत कराया गया लेकिन शासन द्वारा मांगों पर आज तक कोई ध्यान नही दिया गया है। लेखपाल वेतन उच्चीकरण, वेतन विसंगति, पेंशन विसंगति, भत्तों में वृद्धि, प्रोन्नत, आधार भूत सुविधाएं और संसाधन, राजस्व परिषद द्वारा प्रस्तावित राजस्व उपनिरीक्षक सेवा नियमावली 2017 को कैबिनेट में पास कराने की मांग कर रहे है। इस प्रकार ई डिस्ट्रिक्ट, ई गर्वनेंस एवं डिजिटल इंडिया के तहत खतौनी, आय, जाति, निवास प्रमाण पत्र, नक्शा, प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना आदि कार्य कम्प्यूटरीकृत और ऑनलाइन कर दिया गया है। इसके लिए शासन द्वारा लेखपालों को स्मार्टफोन ओर लैपटाप दिया जाए। जिससे शासन की मंशानुरूप कार्य को किया जा सके। संचालन दिनेश कुमार पांडेय ने किया। इस दौरान ओम प्रकाश उपाध्याय, बेनू यादव, अवनीश त्रिपाठी, सुरेंद्र कुमार, विजय शंकर यादव, ईशनारायण तिवारी, मंगला प्रसाद द्विवेदी, सपना मौर्य, निशा गुप्ता, नम्रता सिंह आदि ने विचार व्यक्त किया।