मिर्जापुर। दिव्यांगजनों को आत्मनिर्भर बनाने के लिए रेलवे ने यात्री सेवा से जुड़े कार्यों में रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए हैं। प्रयागराज मंडल में 28 स्टेशनों पर लगी 36 ऑटोमेटिक टिकट वेंडिंग मशीनों (एटीवीएम) के संचालन के लिए दिव्यांगजनों को 91 एटीवीएम फैसिलिटेटर के रूप में कार्य करने का अवसर दिया जा रहा है। इसके लिए सात सितंबर को दोपहर एक बजे तक आवेदन किया जा सकता है। उत्तर मध्य रेलवे के जनसंपर्क अधिकारी अमित सिंह ने यह जानकारी दी। बताया कि प्रयागराज मंडल में अभी 77 दिव्यांगजन यात्री सेवा से जुड़े कार्य कर रहे हैं। इनमें 41 एटीवीएम फैसिलिटेटर, 31 सहयोग काउंटर और एक रेल मदद सेवा में कार्यरत हैं। वहीं, एक स्टेशन एक उत्पाद योजना के तहत चार दिव्यांगजन स्टॉल संचालित कर रहे हैं। लोकोमोटर डिसेबिलिटी (चलने-फिरने संबंधी दिव्यांगता) वाले दिव्यांगजन एटीवीएम फैसिलिटेटर के लिए आवेदन कर सकते हैं। चयनित अभ्यर्थियों को छह माह की संविदा पर कार्य करने का अवसर मिलेगा। इसे सरकारी नौकरी नहीं माना जाएगा और भविष्य में नियमित नियुक्ति का दावा भी मान्य नहीं होगा। आवेदन फॉर्म मिर्जापुर, प्रयागराज, प्रयागराज छिवकी, फतेहपुर, कानपुर, इटावा, टूंडला और अलीगढ़ के बुकिंग कार्यालयों से कार्यदिवस में सुबह नौ से शाम पांच बजे तक प्राप्त किए जा सकते हैं। उत्तर मध्य रेलवे की वेबसाइट से भी फॉर्म डाउनलोड किया जा सकता है। आवेदन शुल्क 100 रुपये निर्धारित है। आवेदन के साथ हाईस्कूल प्रमाणपत्र, आधार कार्ड/वोटर आईडी/राशन कार्ड, पुलिस सत्यापन प्रमाणपत्र और 100 रुपये के स्टांप पेपर पर शपथ पत्र देना होगा। आवेदन सहायक वाणिज्य प्रबंधक, वाणिज्य शाखा, मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय, प्रयागराज अथवा स्टेशन निदेशक/उप मुख्य यातायात प्रबंधक, कानपुर सेंट्रल के कार्यालय में जमा किया जा सकता है।