मिर्जापुर। जिले की ज्यादातर सड़कें बारिश के मौसम में गड्ढायुक्त हो गई हैं। गड्ढों के चलते सड़काें पर चल पाना लोगों के लिए मुश्किल हो गया है। क्षतिग्रस्त सड़कों की हालत बारिश के मौसम और खराब हो गई है। जिले में 859 किमी क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत के लिए 5.5 करोड़ रुपये खर्च करने की तैयारी है। शासन स्तर से 31 अक्तूबर तक सड़कों को गड्ढामुक्त करने का समय दिया गया है।
नगर क्षेत्र में पक्के पोखरा मार्ग, घुरहूपट्टी मार्ग, बसनही बाजार मार्ग के अलावा ग्रामीण क्षेत्रों में छानबे, मड़िहान, लालगंज, पटेहरा, कछवां, चुनार आदि की सड़कों की स्थिति खराब है। नगर क्षेत्र में तो सड़कों की मरम्मत के बाद फिर से खोद दिया जा रहा है। इसके चलते सड़कों पर फिर से गड्ढे हो गए हैं। ग्रामीण क्षेत्रों का भी यही हाल है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 31 अक्तूबर तक प्रदेश भर में क्षतिग्रस्त सड़काें को गड्ढा मुक्त करने निर्देश दिया है। सड़कों को गड्ढामुक्त करने के निर्देश के बाद जिले में भी प्रांतीय खंड और निर्माण खंड-दो ने अपने-अपने क्षेत्रों में गड्ढा युक्त सड़कों को चिह्नित किया है। प्रांतीय खंड की अधिशासी अभियंता सतीश कुमार ने बताया कि नगर क्षेत्र के अलावा मझवां और छानबे विधानसभा क्षेत्र में 475 किमी सड़कों को गड्ढा मुक्त करने का लक्ष्य रखा गया है। इस काम में लगभग तीन करोड़ रुपये खर्च होंगे। बारिश के कारण अभी मरम्मत के काम में समस्या पैदा हो रही है। उन्होंने बताया कि 31 अक्तूबर तक सड़कों को गड्ढा मुक्त कर दिया जाएगा। प्रमुख सड़काें पर काम शुरू हो गया है। अभी 58 सड़कों की मरम्मत का काम किया गया है। उधर, निर्माण खंड-दो के अधिशासी अभियंता एके पांडेय ने बताया कि 384 किमी सड़काें को गड्ढा मुक्त करने का लक्ष्य है। लगभग ढाई करोड़ रुपये सड़कों की मरम्मत पर खर्च होंगे। 31 अक्तूबर पर सड़कों को गड्ढा मुक्त कर दिया जाएगा।