ओडिशा से लग्जरी वाहनों में लोड कर वाराणसी ले जाए जा रहे गांजा को अहरौरा पुलिस ने सोमवार को लखनिया दरी के पास से बरामद किया। पुलिस ने दो गाड़ियां से लगभग 84 किलो गांजा के साथ पांच तस्करों को गिरफ्तार किया। मामले का खुलासा एएसपी सिटी संजय कुमार वर्मा और एएसपी नक्सल महेश सिंह अत्रि ने मंगलवार को पुलिस लाइन में किया।
अहरौरा पुलिस को सोमवार की रात को मुखबिर से सूचना मिली कि ओडिशा से गांजा वाराणसी ले जाया जा रहा है। सूचना पर अहरौरा पुलिस और एसओजी की टीम ने चेकिंग की। तभी दो संदिग्ध लग्जरी वाहन स्कॉर्पियो व स्विफ्ट डिजायर आती दिखाई दी। रुकने का इशारा करते ही दोनों वाहनों के चालक भागने का प्रयास करने लगे कि तभी पुलिस ने बैरीकेडिंग करके दोनों वाहनों को रोक लिया। तलाशी के दौरान कार के छत में रैक बनाकर नट बोल्ट से कसकर छिपा कर रखा 84 किलो गांजा बरामद किया। तस्करी में संलिप्त दोनों वाहनों में सवार पांच आरोपी चंदन पांडेय, मंगल सिंह निवासी कजरिया थाना रामपुर जनपद बक्सर बिहार, अमित सिन्हा निवासी बसौली बड़िवाली थाना बक्सर बिहार, गुल्लू राम निवासी गोविंदपुर थाना लान नगर बक्सर, अजीत कुमार निवासी बधुआर थाना सूर्यपुरा जनपद रोहतास बिहार को गिरफ्तार किया। एएसपी सिटी संजय कुमार वर्मा ने बताया कि पूछताछ के दौरान आरोपियों ने बताया कि ओडिशा से गांजा लोड कर वाराणसी पहुंचाने की योजना थी। ये सभी वाराणसी के कैंट के पास किसी स्थान पर गाड़ी खड़ा करके जाते। जहां से दूसरे लोग गाड़ी लेकर जाते। इनके अन्य साथियों की तलाश की जा रही है।