राजगढ़। क्षेत्र के किसान इंटर कॉलेज में दैनिक वेतन पर रखे गए विज्ञान के अध्यापक को निकालेे जाने पर इंटर के छात्र-छात्राओं ने शुक्रवार को शिक्षण कार्य का बहिष्कार कर प्रधानाचार्य से निकाले गए शिक्षक को वापस बुलाने की मांग करते हुए हंगामा किया। छात्रा के हंगामा मचाने व प्रदर्शन करने की जानकारी मिलने पर पहुंचे विद्यालय प्रबंधक जय प्रकाश सिंह ने कहा कि छात्र अपनी पढ़ाई पर ध्यान दें। विद्यालय प्रबंधन के बारे में ध्यान नहीं दे। अनुशासनहीनता करने वाले छात्रों के अभिभावकों को बुला कर कार्रवाई करने की बात कहीं तो छात्रों ने दोबारा ऐसा न करने की लिखित क्षमा मांगी। किसान इंटर कॉलेज में इंटर साइंस की पढ़ाई करने हेतु शिक्षक अविभावक संघ से साइंस के अध्यापकों की नियुक्ति की जाती है, जिसकी व्यवस्था प्रबंधक एवं शिक्षक अविभावक संघ द्वारा किया जाता है। विगत वर्ष के जंतु विज्ञान के एक शिक्षक व भूगोल के शिक्षक को दैनिक मानदेय पर रखा गया था। जिनकी आवश्यकता न समझते हुए प्रबंधक ने उनकी सेवा समाप्त करते हुए कहा, कि अगले सत्र में इंटर एग्रीकल्चर की मान्यता मिलने पर आपको मौका दिया जाएगा। जिससे क्षुब्ध होकर कुछ लोगों ने छात्रों को आगे करके निकाले गए शिक्षक को दोबारा तैनात करने के लिए कहा। कॉलेज प्रबंधन के अनुसार कुछ लोग छात्रों को आगे कर राजनीति कर रहे हैं तो ऐसे लोगो के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि अविभावक संघ के धन का दुरुपयोग नहीं होगा ,जितने शिक्षक की जरूरत होगी उतने को ही रखा जाएगा। इस बात पर सभी लोग सहमत हुए। छात्रों ने अपने अभिभावकों के सामने प्रबंधक से कार्रवाई न करते हुए क्षमा मांगी,। इसके बाद प्रबंधक ने छात्रों से कहा कि पढ़ाई में कोई दिक्कत होगी उसे तत्काल दूर किया जाएगा ।