मिर्जापुर। पथरहिया स्थित विकास भवन में बुधवार को स्वीप कार्यक्रम के तहत बैठक का आयोजन कर मतदाता जागरूकता के कार्यक्रमों पर चर्चा की गई। बैठक की अध्यक्षता करते हुए मुख्य विकास अधिकारी प्रियंका निरंजन ने बताया कि गुरुवार को सुबह नौ बजे पथरहिया स्थित विकास भवन से दिव्यांग बंधुओं की ट्राई साइकिल व ई-रिक्शा रैली निकाली जाएगी। सीडीओ ने बताया कि रैली के पूरे रास्ते लोगों को अधिक से अधिक मतदान करने के लिए जागरूक किया जाएगा। जिला विद्यालय निरीक्षक देवकी सिंह से उन्होंने कहा कि मतदाता जागरूकता के लिए वह विद्यालयों में भी कार्यक्रम चलाएं। रैली में दिव्यांगों की भागीदारी के लिए जिला दिव्यांग जन सशक्तिकरण अधिकारी दिव्या शुक्ला को निर्देश दिया कि वे रैली के लिए कम से कम 50 दिव्यांगजनों को ट्राईसाइकिल के साथ शामिल करें। इसी प्रकार एआरटीओ प्रशासन अल्का शुक्ला को निर्देश दिया कि वे 50 ई-रिक्शा को रैली में शामिल कराने की व्यवस्था करे। रैली में शामिल लोगों के लिए विकास भवन व कलेक्ट्रेट परिसर में पेयजल की व्यवस्था की गई है। पूरे विकास भवन परिसर व कलेक्ट्रेट परिसर को रंगीन झंडियों व गुब्बारों से सजाया जाएगा। इस अवसर पर परियोजना निदेशक ऋषिमुनि उपाध्याय, जिला विकास अधिकारी अजितेंद्र नारायण मिश्र आदि थे।