ड्रमंडगंज। क्षेत्र के सोनगढ़ा गांव में शनिवार की रात कच्चे मकान में चारपाई पर सो रहे छात्र की सर्पदंश से मौत हो गई। नरायन कोल का दस वर्षीय बेटा छोटू अपने बड़े भाई प्रकाश के साथ कच्चे मकान के अंदर चारपाई पर सो रहा था। इसी बीच रात दस बजे चारपाई पर चढ़ा सांप छोटू के गले में लिपट गया और दाहिने कान में डस लिया। वहीं बगल में लेटा बड़ा भाई सुरक्षित रहा। चीख सुनकर परिजन छोटू को अचेतावस्था में हलिया ले जा रहे थे कि रास्ते में छोटू की मौत हो गई। छोटू प्राथमिक विद्यालय कनौठी में कक्षा चार का छात्र था। परिजनों ने पुलिस को सूचना दिए बगैर शव का अंतिम संस्कार कर दिया।