मिर्जापुर। राजीव गांधी दक्षिणी परिसर बरकछा में मां गंगा को स्वच्छ, अविरल एवं हरा-भरा बनाने के लिए गंगा हरीतिमा अभियान का आयोजन किया गया। इस दौरान आचार्य प्रभारी प्रो. साकेत कुशवाहा ने कहा कि अच्छे कृषि, उद्योग एवं प्रयोगशाला की गतिविधियों के साथ ही अच्छे वानिकी गतिविधियों की जरूरत है, जिससे पर्यावरण संतुलन के साथ ही समग्र विकास किया जा सके। मुख्य वन संरक्षक मिर्जापुर मंडल डॉ. प्रभाकर दूबे व संभागीय वन अधिकारी राकेश चौधरी संग परिसर के शिक्षकों, कर्मचारियों और छात्र-छात्राओं ने पौधरोपण करके संकल्प लिया। आचार्य प्रभारी ने प्रत्येक वरिष्ठ छात्र एवं छात्रा से अपने कनिष्ठ सहपाठियों को एक पौधा गिफ्ट करने का सुझाव दिया। आचार्य प्रभारी ने अच्छे वानिकी गतिविधियों के लिए उचित प्रोटोकॉल विकसित करने की आवश्यकता पर बल दिया। मुख्य वन संरक्षक डॉ. प्रभाकर दूबे ने कहा कि पौधरोपण अभियान हमारी प्रतिबद्धता को पूरे विश्व समुदाय के लिए दर्शाता है। प्रत्येक व्यक्ति को एक पौधा जरूर लगाना चाहिए और उसका भरण, पोषण सुरक्षा एवं संवर्धन भी परिवार के सदस्य के रूप में करना चाहिए। संभागीय वन अधिकारी राकेश चौधरी ने गंगा हरीतिमा अभियान की महत्ता के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि अभियान प्रदेश के 27 जनपदों में गंगा तट से एक किलोमीटर के क्षेत्र को ग्रीन बेल्ट के रूप में विकसित करने का अभियान है, जिसमें जन समुदाय के साथ ही समाज के प्रत्येक वर्ग की सहभागिता अपेक्षित है। विश्व वन दिवस 21 मार्च से शुरू यह अभियान विश्व ओजोन दिवस 16 दिसंबर तब चलाया जाएगा, जिसमें वृहद पौधरोपण किया जाएगा। संयोजक डॉ. अनिल कुमार पांडेय रहे। इस अवसर पर कार्यक्रम समन्वयक नवीन कुमार एवं संयोजिका डॉ. रजनी श्रीवास्तव ने अपने विचार रखे।