मिर्जापुर। नगर के शिवाला महंत स्थित फन सिटी में संत शिरोमणि रविदास जयंती के अवसर पर रोटरी क्लब विंध्याचल व पापुलर हास्पिटल की ओर से बुधवार को स्वास्थ्य कैंप लगाया गया। स्वास्थ्य शिविर में हजारों गरीब, असहाय एवं बुजुर्ग पुरूष व महिलाओं ने निशुल्क जांच कराया। शिविर का शुभारंभ मझवां विधायक सुचिस्मिता मौर्या ने फीता काट कर किया। जिलाधिकारी बिमल कुमार दुबे व नगर पालिका अध्यक्ष मनोज जायसवाल एवं भाजपा जिलाध्यक्ष बालेंदुमणि त्रिपाठी ने कैंप का निरीक्षण कर मरीजों का हाल जाना। मुख्य अतिथि ने कहा कि जिले में स्वास्थ्य सेवाओं की कमी है, ऐसे में रोटरी क्लब द्वारा स्वास्थ्य शिविर लगा कर लोगों का उपचार किया जाना सराहनीय कदम है। कहा कि ऐसे स्वास्थ्य शिविरों के माध्यम से गरीबों व निर्धनों को स्वास्थ्य लाभ मिलता है। जिलाधिकारी बिमल कुमार दुबे ने क्लब के कार्यों की सराहना कर क्लब से आहवान किया कि इस तरह के स्वास्थ्य शिविर शहर के साथ साथ ग्रामीणांचलों में भी लगाएं। अध्यक्ष संतोष गोयल ने अतिथियों का आभार प्रकट किया। कार्यक्रम का संचालन संजय सिंह गहरवार ने किया। इस दौरान डा. पवित्रा गुप्ता, बाल रोग विशेषज्ञ डा. एके उपाध्याय, फिजिशियन डा. चंद्र शेखर, हड्डी रोग विशेषज्ञ डा. विनीत यादव, ह्रदय रोग विशेषज्ञ डा. विकास कुमार, डा. शेखर पुरी, डा. इरम फातिमा समेत दर्जन भर चिकत्सिकों ने शिविर में आए मरीजों के स्वास्थ्य की जांच की। इस मौके पर मयंक गुप्ता, अनुुराग जायसवाल, श्रीगोपाल सोनी, विवेक बरनवाल, विकास शुक्ला, राजेश गुप्ता, अरूण अग्रवाल, गौरव खेमका, मनोज अग्रवाल, अमित श्रीनेत आदि उपस्थित रहे।