मिर्जापुर। प्रारंभिक सहकारी समितियों के दो सौ निदेशकों के चुनाव के लिए मतदान की प्रक्रिया शनिवार को गहमा-गहमी के बीच संपन्न हुई। चुनाव के लिए सुबह से ही विभिन्न समितियों पर मतदाताओं की लंबी कतारें लगी रहीं। चार जोनल मजिस्ट्रेट व 12 सेक्टर मजिस्ट्रेटों की निगरानी में सुबह 10 बजे से शुरू हुआ मतदान शाम चार बजे तक चला। मतदान के तत्काल बाद मतगणना शुरू कराई गई। शाम होते-होते परिणाम भी आने शुरू हो गए। जिले में कुल 127 समितियों के 1143 निदेशकों का चुनाव कराए गए। जिसमें 72 समितियों के सभी 648 निदेशकों का चुनाव निर्विरोध कर लिया गया। शेष 55 समितियों के 495 निदेशकों में से 295 निर्विरोध चुने गए। अन्य दो सौ निदेशकों के चुनाव के लिए शनिवार को मतदान कराया गया। कई स्थानों पर मतदाताओं की उमड़ी भीड़ के चलते सुरक्षा कर्मियों को काफी मशक्कत करनी पड़ी। सहायक निर्वाचन अधिकारी / सहायक आयुक्त एवं सहायक निबंधक सहकारिता विपिन कुमार सिंह ने बताया कि शाम सात बजे तक 160 निदेशकों के चुनाव के परिणाम आ गए थे।
उधर, साधन सहकारी समिति चितौली मेें मतदान के बाद मतगणना हुई। मतगणना के पश्चात विजय सिंह, शिव दुलार सिंह व राम आसरे तथा नरोइया में राज कुमार रविशंकर तिवारी, सावित्री देवी, गौरा में इंद्र कुमार सिंह व देवीदास विजयी घोषित किए गए। साधन सहकारी समिति नरैना में कुछ लोगों के बीच आपस में हुए विवाद के चलते मतगणना कुछ देर के लिए रोक दी गई। मौके पर पहुंचे थानाध्यक्ष जिगना अरविंद कुमार पांडेय ने लोगों को शांत कराकर मतगणना शुरू कराई। जिसमें विरेंद्र कुमार सिंह को विजयी घोषित किया गया। कछवां में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच सहकारी समितियों के चुनाव कई वार्डों में प्रत्याशी निर्विरोध चुने गए। जीते हुए प्रत्याशियों व उनके समर्थकों ने खुशी मनाई। कुल चार समितियों में चुनाव हुआ, जबकि एक समिति में सभी प्रत्याशी निर्विरोध निर्वाचित हुए।
शनिवार को दो समितियों कछवां, जलालपुर में मतदान हुआ। एक-एक कर मतदाता अपने-अपने वार्डों के प्रत्याशियों के पक्ष में मतदान के लिए आते रहे। नियत समय के पश्चात करीब डेढ़ घंटे की मतगणना के बाद चुनाव परिणाम सामने आए। पटेहरा विकास खंड क्षेत्र के पथरौर सहकारी समिति लिमिटेड के संचालक मंडल का चुनाव गहमा-गहमी के बीच संपन्न हुआ। कुल चार सीटों पर हुए चुनाव में सेक्टर पथरौर से भगवान प्रसाद मिश्र, कन्हईपुर से बनकी, बनकी से जटा शंकर, रामपुर अंतरी से गणेश शंकर विजयी घोषित हुए। सेक्टर पांच खनवर मझारी से सावित्री, मलुआ से अनिल कुमार सिंह, पड़रिया कला से राजेश तिवारी, ककरद से गुलाब मौर्य व अतरैला से लल्लू कोल निर्विरोध निर्वाचित घोषित हुए।
जमालपुर क्षेत्र के सहकारी समितियों पर निदेशक पद के लिए मतदान हुआ। मतदान के पश्चात मतों की गिनती हुई। जो देर शाम तक जारी रही। ओड़ी साधन सहकारी समिति के चुनाव में लोढ़वा से अनिल कुमार सिंह एवं गोगहरा से प्रमोद सिंह निर्वाचित हुए। मठना साधन सहकारी समिति के खेमईबरी से सुदामा प्रसाद सिंह, मठना से रामकेश सिंह विजई हुए। जमालपुर साधन सहकारी समिति के जलालपुर से प्रशांत, जमालपुर से शांति देवी एवं शाहपुर माफी से हरिश्चंद्र निर्वाचित हुए।
हलिया के साधन सहकारी समितियों पर मतदान के बाद हुए मतगणना में साधन सहकारी समिति भटवारी दिघिया में हलिया सामान्य सीट से रत्नेश कुमार दूबे, आरक्षित सीट से रामशृंगार तथा मवई खुर्द से अमर बहादुर सिंह निर्वाचित घोषित हुए। इसी प्रकार साधन सहकारी समिति मटिहरा मतवार के सगरा में इंद्रकली ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी पार्वती देवी को तीन मतों से पराजित किया। इसी समिति के मटिहरा सीट से श्रीनाथ निर्वाचित घोषित हुए। सिलहटा परसिया से रामेश्वर निर्वाचित हुए।
साधन सहकारी समिति बरौंधा के बड़गड़ा से सुरेश चंद्र निर्वाचित किए गए। साधन सहकारी बबुरा कला सामान्य सीट से पुष्पराज व आरक्षित से जोखू, बबुरा रघुनाथ सिंह सामान्य से जग्गीलाल निर्वाचित हुए। साधन सहकारी समिति महोगढ़ी के देवहट से देवेंद्र नाथ चतुर्वेदी तथा आरक्षित से बेचनलाल व भैसोड़ से रामकृष्ण तथा भैसोड़ वलाय पहाड़ से भागीरथी, महेशपुर से मुन्ना यासीन, महोगढ़ी से लालबहादुर निर्वाचित हुए।
साधन सहकारी समिति बडौहां उमरिया से अनीता, गजरिया से अवध नारायण, फुलियारी से शिवकुमार निर्वाचित हुए। अदलहाट के क्षेत्रीय सहकारी समिति समिति के कुल नौ सेक्टरों से 19 प्रत्याशी मैदान में थे। सेक्टर नंबर 2 खरस्सिपुर से अंजू, सेक्टर नंबर एक खजुरौल से प्रभावती, सेक्टर नंबर 3 घूरहूपुर से धनराज, सेक्टर 4 तियरा से हिमांशु, सेक्टर 5 पथरौरा से संजय श्रीवास्तव, सेक्टर 6 बड़भुईली से लक्ष्मण सिंह विजयी हुए। इसी तरह सेक्टर नंबर 7 बरेव से रीता देवी, सेक्टर नंबर 8 भरुहिया से बुधराम, सेक्टर नंबर 9 हाशापुर से राज नारायण सिंह विजयी रहे।
अहरौरा के सहकारी समिति अहरौरा के नौ वार्डों में से आठ में चुनाव हुआ। वार्ड नंबर चार से हौशिला सिंह निर्विरोध चुन लिए गए। वार्ड नंबर एक डीह से सुमित्रा देवी विजई रहीं। वार्ड नंबर दो से कौशल सिंह, वार्ड नंबर तीन से जैसराम सिंह, पांच से शिवबली सिंह विजई रहे। वार्ड नंबर छह से रामराज, वार्ड सात से संजय कुमार व वार्ड आठ से जयशंकर सिंह चुनाव जीते। इसी तरह वार्ड नंबर नौ से मीरा कुमारी जीतीं।
कैलहट क्षेत्र के साधन सहकारी समिति के संचालक मंडल के चुनाव में अनमोल सिंह, विनय सिंह, मुन्ना सिंह, शिव मंदिर सिंह, विभा सिंह, राम बली सिंह तथा चंदापुर साधन सहकारी समिति में संजय सिंह, सियाराम सिंह, जलालपुर माफी साधन सहकारी समिति में सौरभ सिंह, श्याम प्यारी, राजेश कुमार सिंह, राम कुमार सिंह चुनाव में विजई हुए।