हलिया। ब्लाक के ग्राम प्रधानों का उत्पीड़न किसी कीमत पर नहीं होने दिया जाएगा। इसके लिए संघर्ष किया जाएगा। ये बातें ग्राम प्रधान संघ के ब्लाक अध्यक्ष विजय नारायण मिश्र ने शनिवार को ब्लाक सभागार में ग्राम प्रधानों की हुई बैठक में कहीं। इसके बाद खंड विकास अधिकारी को ज्ञापन सौंपा गया। ब्लाक अध्यक्ष विजय नारायण ने प्रधानों के उत्पीड़न पर रोक लगाने की मांग की। कहा कि ग्राम प्रधान लोकतंत्र में निचली इकाई व ग्रामीण विकास का एक सजग प्रहरी है। सरकार की सारी योजनाएं ग्राम प्रधानों के माध्यम से ही गांव के जनता तक पहुंचाई जाती हैं। गांवों के कुछ लोग चुनावी रंजिश में ग्राम प्रधानों की शिकायत कर रहे हैं। कुछ लोगों ने फर्जी मुकदमा भी दर्ज कराया है। ऐसी घटनाओं से प्रधान परेशान हैं। ग्राम प्रधानों का उत्पीड़न बंद न हुआ तो प्रधान आंदोलन पर विवश होंगे। ब्लाक अध्यक्ष ने सोठिया व राजपुर के ग्राम प्रधानों के विरुद्घ दर्ज कराई गई प्राथमिकी पर रोष जताया और मुकदमा वापस लेने की मांग की । बैठक में तय किया गया कि शीघ्र ही प्रधान संघ के प्रतिनिधि मंडल डीएम और एसपी से मिलकर समस्याओं से अवगत कराएगा। बैठक में मुन्नी देवी, लालजी मौर्य, रवींद्र पटेल, अनीता मिश्रा, उमाशंकर उपस्थित रहे।