मिर्जापुर। जिले में नवनियुक्त शिक्षकों के लिए खुशखबरी है। उनको 25 जनवरी व 27 जनवरी को विद्यालय आवंटित कर दिया जाएगा। जिले के दूसरे चरण में 36590 शिक्षकों की भर्ती के क्रम में 542 शिक्षकों का चयन किया गया था। इनको नियुक्ति पत्र देकर ज्वाइन तो पहले ही कराया जा चुका है लेकिन विद्यालयों का आवंटन नहीं किया गया था। इस वजह से यह लोग राजकीय इंटर कालेज में बने काउंटर पर जाकर अपनी हाजिरी रोज दर्ज कराते थे। अब इन शिक्षकों को विद्यालय आवंटित कर दिया जाएगा जिससे वे अब विद्यालयों में जाकर अपना कार्य कर सकेंगे। इस संबंध में बीएसए गौतम प्रसाद ने बताया कि 25 जनवरी व 27 जनवरी को इन शिक्षकों को विद्यालय आवंटित किया जाएगा। उसके बाद ही अंतर्जनपदीय स्थानांतरण वाले शिक्षकों के बारे में कुछ कहा जा सकता है।