लालगंज। केंद्र की भाजपा सरकार को उखाड़ फेंकने के लिए समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के निर्देश पर बीस जनवरी तक चलने वाले समाजवादी विकास विजन व सामाजिक न्याय कार्यक्रम के तहत सपा कार्यकर्ताओं ने बुधवार को गांव-गांव जाकर जनसंपर्क किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने भाजपा सरकार की विफलताओं व सपा शासन के जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी। छानबे विकास खंड के मझियार, तुलसी व लहंगपुर गांव में आयोजित चौपाल के दौरान सपा जिलाध्यक्ष आशीष यादव ने भाजपा सरकार को जुमलों वाली सरकार बताया। कहा कि भाजपा के शासन में जनता ऊब गई है और वह बदलाव करने को तैयार है। पूर्व कोआपरेटिव अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह पटेल ने कहा कि यूरिया डीएपी महंगी होने के कारण किसान परेशान हैं। कोषाध्यक्ष कृपाशंकर यादव ने कहा कि भाजपा शासनकाल में विकास कार्य थम सा गया है, जिसके कारण सड़क, बिजली, पानी की व्यवस्था कमजोर हो गई है। कार्यक्रम की अध्यक्षता विधानसभा क्षेत्र अध्यक्ष जुम्मन खां व संचालन महासचिव हरिशंकर यादव ने किया। इस दौरान जिला सचिव तूफानी यादव, पूर्व जिला सचिव अभिषेक दुबे, उमाशंकर यादव, रमेश पाल, जंगाली, अनिल यादव, रहीस अहमद आदि मौजूद रहे।