मिर्जापुर। गंगा के जलस्तर में इन दिनों वृद्धि हो रही है। पिछले दिनों विभिन्न जिलों में लगातार बारिश होने के कारण सहायक नदियों का पानी आने से गंगा के जल स्तर में दो सेंटीमीटर प्रति घंटे की दर से वृद्धि हो रही है। गंगा का जलस्तर बढ़ते देख तटवर्टी ग्रामीण बाढ़ की आशंका को लेकर परेशान हैं। गंगा के तेज बहाव में जलकुंभी के साथ ही झाड़ियां बहती नजर आ रही हैं। प्रदेश के विभिन्न जिलों में हुई बारिश से गंगा में सहायक नदियों का पानी तेजी से आ रहा है। दो सेंटीमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से गंगा का जलस्तर बढ़ रहा है। गंगा के जलस्तर में यदि इसी तरह से बढ़ाव रहा तो फिर बाढ़ के खतरे से इनकार नहीं किया जा सकता। गंगा में पानी बढ़ने के बावजूद प्रशासन की तरफ से अभी तक कोई इंतजाम नहीं किए गए हैं। पूर्व में आए बाढ़ से नगरीय इलाकों को छोड़कर छानबे, कोन, नरायनपुर, मझवां, सीखड़ व पहाड़ी विकास खंड के अधिकांश इलाके प्रभावित रहे। चौकसी के लिए स्थानीय प्रशासन स्तर पर तैयारियां नगण्य देखी जा रही हैं। बाढ़ चौकियों का अभी तक कोई अतापता नहीं।