मिर्जापुर। वार्षिक आयोजन के तहत शनिवार की शाम नगर के मुकेरी बाजार स्थित बड़ी माता शीतला मंदिर का भव्य शृंगार और पूजन किया गया। परिसर में भव्य देवी जागरण व प्रसाद का वितरण किया गया। माता के जगराते में स्थानीय कलाकारों ने अपने मधुर भजनों से मन मोह लिया। गायक अमित दूबे ने- बम-बम बोल रहा है काशी..एवं गायिका खुश्बू तिवारी ने- भगत के वश में हैं भगवान..प्रस्तुत कर भक्तों को खूब झुमाया। इसी क्रम में गायिका पूजा शाश्वत ने मां मुरादे पूरी कर दे हलवा बाटूंगी..सुनाकर मां की आराधना की। बीच-बीच में राधा-कृष्ण एवं शंकर-पार्वती की भव्य झांकी का प्रदर्शन देख श्रद्घालु निहाल हो उठे। समिति के अध्यक्ष पप्पू पंडा ने सभी कलाकारों को मां की चुनरी भेंटकर सम्मानित किया। कलाकारों के साथ आर्गन पर बृजेश, ढोलक पर सोनू पाठक, पैड पर आलम, तबला पर मंटू मौर्य ने संगत किया। इस दौरान भक्त पप्पू पंडा सहित सोनी तिवारी, संजय, रिंकू सिंह, अभिषेक मिश्र, रामजी सहित बड़ी संख्या में भक्त उपस्थित रहे।