मां विंध्यावासिनी का हुआ श्रृंगार
विंध्याचल। माघ शुक्ल के वसंत पंचमी के अवसर पर लाखों श्रद्धालुओं ने मां विंध्यवासिनी का दर्शन पूजन कर आशीष मांगा। पर्व के मौके पर माता के दर्शन पूजन करने आए भक्तों की जयकारा से धाम गुंजायमान रहा। विंध्य पंडा समाज ने दर्शनार्थियों को दर्शन पूजन कराया । पुलिस प्रशासन सुरक्षा के मद्देनजर मुस्तैद रहा। मंदिर की छत पर अपने बच्चों का मुंडन संस्कार कराने वाले भक्तों का तांता लगा रहा। इस दौरान शहनाई व नगाड़े बजते रहे। गंगा घाटों पर भोर से ही स्नानार्थियों का रेला लगा रहा। स्नान के बाद श्रद्धालुओं ने माला, फूल, नारियल, चुनरी आदि लेकर कतारबद्ध होकर दर्शन किया। किसी ने गर्भ गृह तो किसी ने झांकी से मां का दर्शन किया। इस शुभ घड़ी में लोगों ने यज्ञोपवीत कार्यक्रम कराए। मां विंध्यवासिनी का दर्शन करने के बाद भक्तों ने परिसर में विराजमान सभी देवी देवताओं के दर्शन किए। इस अवसर पर लोगों ने त्रिकोण परिक्रमा कर मां काली, अष्टभुजा व मां तारा देवी का दर्शन पूजन कर सुख समृद्धि की मंगल कामना की।