जिगना। छानबे क्षेत्र का 36 करोड़ रुपये से विकास किया जाएगा। इसके लिए ब्लाॅक सभागार में बृहस्पतिवार को क्षेत्र पंचायत की हुई बैठक में सदस्यों ने ध्वनिमत से बजट पास किया। बैठक की अध्यक्षता करते हुए ब्लाॅक प्रमुख सुमन सिंह ने सदस्यों से विकास कार्यों के लिए सदस्यों से प्रस्ताव मांगा। बैठक में परियोजना निदेशक अजय प्रताप सिंह ने आशा, एएनएम, शिक्षा एवं बाल विकास परियोजना विभाग के कार्यों के प्रति नाराजगी जताते हुए कार्यप्रणाली में सुधार लाने तथा सरकार द्वारा संचालित सुमंगला योजना का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने का निर्देश दिया।
पीडी ने प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री आवास योजना के तहत लाभार्थियों के चयन में ग्राम पंचायतों पर सवाल खड़ा किया और ग्राम प्रधानों व पंचायत सचिवों को पात्र व्यक्ति का चयन करने को कहा। बैठक का संचालन करते हुए खंड विकास अधिकारी हरिओम गुप्ता ने पिछली बैठक की कार्यवृत्ति से सदस्यों को अवगत कराया। साथ ही प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री आवास योजना में लाभार्थियों की पात्रता के बारे में जानकारी दी। ब्लाॅक प्रमुख सुमन सिंह ने कहा क्षेत्र के विकास में धन की कमी आड़े नहीं आने दी जाएगी। बैठक में ग्राम प्रधान संघ के अध्यक्ष संतोष तिवारी ने स्कूलों, पंचायत भवनों के ऊपर से गुजरे हाइटेंशन तार का मुद्दा उठाया। इस पर ब्लाॅक प्रमुख ने प्राथमिकता से ऐसे तारों को हटाने के लिए विद्युत निगम के अवर अभियंता को निर्देशित किया। ग्राम प्रधान बाके बिहारी मिश्र ने पंचायत भवन व स्कूल में हुई चोरी की घटनाओं की रिपोर्ट दर्ज नहीं किए जाने का मुद्दा उठाया। विनोद कुमार यादव ने ग्राम पंचायत में संक्रामक बीमारियों के मद्देनजर कीटनाशक का छिड़काव कराने की मांग की। बैठक में शुभम सिंह, कृष्ण कुमार दीक्षित, त्रिभुवन मौर्या, गुलाम रसूल, शिवलखन बिंद, कौशलेश तिवारी, गोवर्धन सिंह, भोलानाथ, कुशलचंद आदि मौजूद रहे।