मिर्जापुर। लोकसभा चुनाव एवं आतंकी घटनाओं को देखते हुए प्रभारी एसपी प्रकाश स्वरुप पांडेय के नेतृत्व में सीओ नगर सुधीर कुमार ने क्राइम ब्रांच एवं कटरा तथा यातायात पुलिस के साथ गुरुवार की देर शाम रेलवे स्टेशन बस स्टैंड आदि स्थानों को खंगाला। इस दौरान टीम ने रेलवे स्टेशन परिसर समेत पूरे प्लेटफार्म की तलाशी कराते हुए आने जाने वाले यात्रियों के सामानों एवं ट्रेनों की बोगियों को चेक किया। संदिग्धों की तलाश की। सीओ नगर सुधीर कुमार फोर्स के साथ बुधवार की शाम पांच बजे रेलवे स्टेशन पर पहुंचे। परिसर के बाहर खड़ी वाहनों को चेक किया। बाइकों व चार पहिया वाहनों को भी चेक किया गया। परिसर में घुम रहे यात्रियों एवं अन्य राहगीरों से भी पूछताछ की। इसके बार प्लेटफार्म पर पहुंचे और यात्रियों की चेकिंग की। जीआरपी एवं स्टाल मालिकों समेत आने जाने वाले यात्रियों से कहा कि अगर उनको सफर या प्लेटफार्म पर कोई संदिग्ध दिखाई देता है तो पुलिस के सीयूजी नंबर पर तत्काल फोन कर सूचना दे। जिससे समय रहते उससे पूछताछ कर घटनाओं को टाला जा सके। रेल अधिकारियों से भी कहा गया कि चुनाव तक सतर्कता से ड्यटी करें। किसी प्रकार की घटना के बारे में जानकारी मिलती है तो पुलिस को सूचित करे। जीआरपी थानाध्यक्ष केदारनाथ को लगातार भ्रमण और चेेकिंग का निर्देश दिया। बस स्टैंड में भी पहुंचकर परिसर को चेक करते हुए बसों को खंगाला। इस दौरान क्राइम ब्रांच प्रभारी राम स्वरुप वर्मा, यातायात प्रभारी देवेंद्र प्रताप सिंह, कटरा कोतवाल प्रभारी चंद्रशेखर यादव, सर्विलांस प्रभारी साजिद सिददीकी, जय प्रकाश यादव, वीरेंद्र यादव, बृजेश सिंह, आदि सैंकड़ों पुलिस कर्मी मौजूद रहे।