मिर्जापुर। नगर के नारघाट स्थित श्रीश्री महाकाली जी का वार्षिक श्रृंगार-पूजन के कार्यक्रम में श्रद्घालुओं का रेला उमड़ पड़ा। इस मौके पर माता काली का तरह-तरह के पुष्पों से किया गया भव्य श्रृंगार का दर्शन कर श्रद्घालु निहाल हो उठे। मंदिर के वार्षिकोत्सव के तहत मंदिर को रंगीन झालरों, गुब्बारों व फूल-पत्तियों से सजाया गया था, जो एक अलौकिक छटा बिखेर रही थी। मंदिर में विराजमान माता के दिव्य श्रृंगार का दर्शन करने से सांयकाल से देर रात तक नर-नारियों का तांता लगा रहा। घंटा-घड़ियाल व मां काली के जयघोष से पूरा मंदिर परिसर गुंजायमान हो रहा था, वहीं देवी मंदिर के बाहर भक्तों के बीच प्रसाद का भी वितरण किया जा रहा था। मां काली मंदिर परिसर में देर रात तक भजन-कीर्तन का भी दौर चलता रहा। मां के वार्षिक आयोजन के तहत सजाई गई कई देवी-देवताओं की मनोहारी झांकियां भक्तजनों के बीच आकर्षण का केंद्र बनी रहीं। मां के सेवाधिकारी बलराम नारायण गोस्वामी एवं बालकृष्ण गोस्वामी ने बताया कि मां के दर्शन करने से भक्तों की हर मनोकामना पूर्ण होती है। मंदिर में देर रात तक मां के दिव्य स्वरूप का दर्शन करने को तांता लगा रहा।