समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के नीतियों के खिलाफ गुरूवार को नगर के कई स्थानों पर ठेले पर ब्रेड पकौड़े की दुकान लगा कर आक्रोश जताया। साथ ही कार्यकर्ताओं ने कहा कि बिक्री से हुई कमाई को मनीआर्डर के माध्यम से वित्त मंत्री अरूण जेटली को भेजा जाएगा। सपा कार्यकर्ताओं ने गिरधर का चौराहा, डंकीनगंज चौराहा, गुड़हट्टी का चौराहा, त्रिमोहानी, संकट मोचन, जिला अस्पताल एवं कलेक्ट्रेट आदि स्थानों पर घूम घूम कर ब्रेड पकौड़े बेचे। इस दौरान आयोजित मुक्कड़ नाटक में मझवां विधानसभा के पूर्व प्रत्याशी रोहित शुक्ला ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को निशान साधते हुए कहा कि मोदी अपने जुमलों से नौजवानों को बेरोजगार बनाने की कोशिश न करें। छात्रसभा के जिलाध्यक्ष अभय यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री युवाओं को बरगलाने का प्रयास छोड़ दें। यूथ ब्रिगेड के जिला सचिव उपेंद्र तिवारी ने केंद्र व प्रदेश सरकार पर युवाओं को बेरोजगार बनाने का आरोप लगाया। केबी कॉलेज के छात्र नेता विशाल तिवारी ने केंद्र सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि सरकार ने सेना की धनराशि में कटौती करके अच्छा काम नहीं किया है। कहा कि 2019 में होने वाले लोकसभा के चुनाव में छात्र व नौजवान उनके जुमले का जवाब बैलेट से देंगे। इस मौके पर अभिषेक दूबे, विवेक पांडेय, अंकित सिंह गहरवार, दिव्यांशु पांडेय, सचिन द्विवेदी, राहुल दूबे, सौरभ मिश्रा, आनंद पांडेय, आशू मिश्रा, विकास पांडेय, प्रतीक त्रिपाठी, प्रशांत सादव समेत सैकड़ों सपा कार्यकर्ता शामिल रहे।