मिर्जापुर। जोधपुर-हावड़ा ट्रेन में सोमवार की रात जांच के दौरान मिर्जापुर रेलवे स्टेशन पर जीआरपी और आरपीएफ की टीम ने दो लोगों के पास से बैग में रखे 236 कछुए बरामद किया। बरामद कछुओं को पुलिस ने वन विभाग को सौंप दिया।
गाड़ी संख्या (22308) जोधपुर-हावड़ा ट्रेन मिर्जापुर रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर दो पर सोमवार की रात 7:45 बजे आई। ट्रेन के प्रधान आरक्षक प्रेम शंकर पांडे ने आरपीएफ पोस्ट को सूचना दी कि पीछे के जनरल कोच में बैग व थैले में कछुआ ले जाया जा रहा है। सूचना पर आरपीएफ के सहायक उप निरीक्षक अशोक कुमार व जीआरपी के उप निरीक्षक जगदीश प्रसाद यादव ने ट्रेन में जांच कर 12 झोलों में रखे कछुआ बरामद किया। बैग लेकर जा रहे राकेश निवासी महेशुआ थाना हनुमानगंज जिला सुल्तानपुर व लक्षो को गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए आरोपियों के पास यात्रा टिकट भी नहीं था। दोनों को आरपीएफ पोस्ट ले आकर कछुओं की गणना कराई गई तो कुल 236 कछुए मिले। मौके पर आरपीएफ के प्रभारी निरीक्षक दिनेश कुमार पहुंचे। आरपीएफ प्रभारी ने कछुओं के बारे में वन विभाग के लोगाें को सूचना दी। क्षेत्रीय वन अधिकारी सत्य प्रकाश वर्मा विभाग की टीम के साथ रेलवे सुरक्षा बल पोस्ट आए। यहां आरपीएफ व जीआरपी ने 236 कछुओं को वन विभाग की टीम के हवाले कर दिया। इसके अलावा पकड़े गए आरोपियों को भी वन विभाग की टीम के हवाले कर दिया।
आरपीएफ प्रभारी दिनेश कुमार ने बताया कि जोधपुर-हावड़ा एक्सप्रेस से बरामद कछुओं और आरोपियों को वन विभाग को सौंप दिया गया है। प्रभागीय वनाधिकारी अरविंद राज मिश्रा ने बताया कि कछुआ के साथ गिरफ्तार दोनों आरोपियों पर मुकदमा दर्ज कर उन्हें जेल भेज दिया गया। बरामद कछुए कोर्ट से आदेश मिलने के बाद गंगा नदी में छोड़े जाएंगे।