मिर्जापुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को लखनऊ के लोक भवन में डीबीटी के माध्यम से बेसिक शिक्षा परिषद कक्षा (एक से आठ तक) के विद्यालयों में अध्ययनरत विद्यार्थियों के लिए 1.91 करोड़ रुपये उनके खाते में भेजा। लाभार्थियों में जिले के 2.24 लाख विद्यार्थी शामिल हैं।
जिलें के परिषदीय विद्यालयों मेंं 2.54 लाख बच्चे कक्षा एक से कक्षा आठ तक की कक्षाओं में पंजीकृत हैं। इनमें से 2.24 लाख विद्यार्थियों को लाभ दिलाने के लिए प्रस्ताव भेजा गया है। प्रत्येक विद्यार्थी को ड्रेस, जूता-मोजा, बैग, स्टेशनरी खरीदने के लिए 1200 रुपये खाते में डीबीटी से भेजा गया है। यह जानकारी देते हुए डीसी कम्युनिटी नीरज सिंह ने बताया कि कुछ बच्चों के नाम सूची में आधार कार्ड नंबर अथवा बैंक खाते की वजह से शामिल नहीं किए जा सके हैं। कमियां दूर कराकर अन्य बच्चों के खाते में भी धनराशि भेजी जाएगी। लखनऊ में आयोजित कार्यक्रम का सभी ब्लाॅक संसाधन केंद्रों पर सजीव प्रसारण कराया गया। नगर में इस कार्यक्रम का सजीव प्रसारण प्रोजेक्टर व टेलीविजन के माध्यम से रानी कर्णावती उच्च प्राथमिक विद्यालय में हुआ। नगर पालिका अध्यक्ष श्याम सुंदर केसरी, बेसिक शिक्षा अधिकारी अनिल कुमार वर्मा, खंड शिक्षा अधिकारी रविंद्र शुक्ला की मौजूदगी में बच्चों व अभिभावकों ने भी कार्यक्रम देखा। प्रधानाध्यापिका मधुरिमा तिवारी ने सभी अतिथियों का स्वागत किया। साथ ही अंत में आभार भी जताया। इस दौरान वीर भानू सिंह, राजीव पांडेय, पुनीत सिंह, नागेंद्र दुबे, अनिल त्रिपाठी, जैनेंद्र, मंजुला, सुमन आदि मौजूद रहीं।