लालगंज। विकास खंड के 22 गांव में सर्वे कराकर उन्हें मॉडल गांव बनाने की कार्ययोजना तैयार की गई है। अब इन गांवों में कचरा ई-रिक्शा से उठाया जाएगा। शहर की तरह गांव में भी सफाई होने से वहां गली, चौराहे आदि साफ दिखाई देने लगेंगे।
लालगंज विकास खंड के 22 गांव को मॉडल बनाकर शहर सुविधाएं उपलब्ध कराने की कोशिशें तेज कर दी गई हैं। ग्रामीणों को घर के सामने रखे कूड़ेदान से कचरा उठाने का काम ई-रिक्शा के माध्यम से होगा। उन्हें अब कचरे को लेकर परेशान नहीं होना पड़ेगा। जल जमाव की समस्या के निदान के लिए शोकपिट बनाए जाएंगे। मॉडल गांव की कार्ययोजना तैयार कर ली गई है। इसके लिए घर-घर सर्वे किया गया है। मॉडल गांव बनाने के लिए पतुलकी, बनवारी, मुंशीपुर, बरडीहा, नरैना कला, थरपरसिया, रामपुर कामता, दुबार खुर्द, चरखी कला समेत 22 गांव चयनित किए गए हैं। इन गांवों में सड़क पर फेंके गए गोबर को वर्मी कंपोस्ट बनाकर ग्रामीणों को खाद के रूप में उपलब्ध कराया जाएगा। यह काम गांव में ही किया जाएगा। खंड विकास अधिकारी हरिओम गुप्ता और एडीओ पंचायत अजय शंकर ने बताया कि गांव में आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी। इसमें स्वच्छता मुख्य अभियान बनाया गया है।