मड़िहान। जनसुनवाई में हुई शिकायत के बाद हरकत में आई स्वास्थ्य विभाग की टीम ने बुधवार को पटेहरा, दीपनगर में छापेमारी अभियान चलाया। ड्रग्स इंस्पेक्टर के नेतृत्व में हुई छापेमारी में क्षेत्र में खुले क्लीनिकों की जांच की गई। जांच के दौरान नीम हकीमों में हड़कम मच गया। कागजात के अभाव में दीपनगर कस्बा में स्थित दो क्लिनीक सील करते हुए संचालकों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की गई। छापेमारी की सूचना मिलते ही कई नीम हकीम व मेडिकल संचालक सटर गिराकर भाग खड़े हुए। ड्रग इंस्पेक्टर डॉ. गुलाब वर्मा के नेतृत्व में स्वास्थ्य विभाग की टीम फाफर में दीपनगर स्थित जीवन रक्षा क्लिनिक पहुंची जहां बैठे मरीजों से पूछताछ के बाद डिग्री समेत अन्य कागजात मांगने पर चिकित्सक राजेश पाल कोई भी अभिलेख नहीं दिखा पाए। फर्जी चिकित्सक के खिलाफ कार्रवाई के बाद सील कर दी गई। दीपनगर कस्बा स्थित दूसरे क्लिनिक पर शिवशंकर पाल भी छापेमारी टीम को रजिस्ट्रेशन आदि कागजात नहीं दिखा सका। इसे भी सील कर दिया गया। नोडल अधिकारी डॉ गुलाब वर्मा ने बताया कि नोटिस के बाद जबाब न मिलने पर मुकदमा पंजीकृत कराया जाएगा।