मिर्जापुर। शासन के निर्देश के क्रम में जिलाधिकारी सुशील कुमार पटेल ने बुधवार को सुबह नौ बजकर 56 मिनट पर आरटीओ कार्यालय में पहुंच कर औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान आरटीओ, एआरटीओ सहित कुल 21 कर्मचारी अनुपस्थित थे। सभी का वेतन काटने का डीएम ने निर्देश दिया। डीएम जब आरटीओ कार्यालय में पहुंचे तो आरआई पुष्पेंद्र सिंह उपस्थित थे। उन्होंने कार्यालय का निरीक्षण कराया। निरीक्षण के समय उपस्थिति रजिस्टर देखने पर ओम प्रकाश सिंह एआरटीओ प्रशासन, रविकान्त शुक्ला एआरटीओ प्रशासन, ओम प्रकाश सिंह एआरटीओ प्रवर्तन, आरके विश्वकर्मा प्रशासन समेत कई चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी अनुपस्थित पाये गये। इसी प्रकार प्राइवेट एजेसिंयो को दिये कार्य करने वालो में धमेन्द्र कुमार मिश्रा, सुपरवाइजर, रवि वर्मा डीईओ, सत्य प्रकाश पाण्डेय डीईओ, समीर सिंह डीईओ तथा विकास दूबे, डीईओ पूर्वाह्न 10 बजकर पांच मिनट तक कार्यालय नहीं पहुंचेे थे। सभी अनुपस्थित को अनुपस्थित मानते हुये जिलाधिकारी द्वारा एक दिन वेतन अदेय करते हुये अवगत कराने का निर्देश दिया। दो होमगार्ड मौके पर पाये गये जानकारी करने पर बताया गया कि तीन होमगार्ड लगाये गये हैं जिनमें एक अनुपस्थित पाया गया। जिस पर जिलाधिकारी ने होम गार्ड कमांडेंट को अवगत कराने का निर्देश दिया। निरीक्षण के बाद 10 बजकर आठ मिनट पर आरटीओ प्रशासन आनन-फानन में कार्यालय पहुंच कर जिलाधिकारी से मिले। जिलाधिकारी ने कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुये कार्यालय में स्वयं समय से आने व कर्मचारियों के समय में सुधार लाने का निर्देश दिया। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी रिकार्ड रूम का भी निरीक्षण किया गया जहां पर सभी रिकार्ड रखा गया है। एक कमरे के पीछे के खिडकी का दरवाजे का शीशा टूटा हुआ था जिसे तत्काल सही कराने का निर्देश दिया गया। कार्यालय के अंदर काफी धूल जमा था तथा जगह-जगह गंदगी थी जिस पर जिलाधिकारी द्वारा पूरे कार्यालय का सफाई कराने का निर्देश दिया।