मिर्जापुर। केंद्रीय स्वास्थ्य व परिवार कल्याण राज्यमंत्री अनुप्रिया पटेल ने रेल मंत्री पीयूष गोयल को पत्र भेजकर चुनार-चोपन रेल खंड पर रेलवे ओवर ब्रिज बनवाने की मांग की है। उन्होंने कहा कि रेलवे ओवर ब्रिज बनने से राजगढ़ कस्बा चुनार से जुड़ जाएगा और लोगों को काफी सहूलियत होगी। रेल मंत्री को भेजे गए पत्र में अनुप्रिया पटेल ने कहा है कि भ्रमण के दौरान ग्रामीणों ने बताया कि चुनार राजगढ़ को जोड़ने वाला मार्ग डबल लेन है जिसकी चौड़ाई आठ मीटर है। रेलवे की ओर से 19सी पर प्रस्तावित रोड अंडर ब्रिज की चौड़ाई महज पांच मीटर ही है। साथ ही साथ ऐतिहासिक चुनार दुर्ग को पर्यटन के दृष्टिकोण से विकसित किया जा रहा है। पूर्व में भी चुनार चोपन खंड में निर्मित कई अंडर ब्रिज बरसात के मौस में डूबे ही रहते हैं जिससे बारिश के मौसम में जनता परेशान रहती है और पुल निष्प्रयोज्य साबित होता है। जनता के हितों को ध्यान में रखते हुए चुनार चोपन रेल खंड पर स्थित रेलवे फाटक संख्या 12 सी, 19सी तथा चार सी पर प्रस्तावित अंडर ब्रिज आरयूबी के कार्य को तत्काल रुकवा कर रेलवे ओवर ब्रिज बनवाने के साथ हीपूर्व में निर्मित पुलों से जलनिकासी की व्यवस्था कराई जाए।