मिर्जापुुर। विशिष्ट बीटीसी शिक्षक वेलफेयर एसोसिएशन के तत्वावधान में प्राथमिक शिक्षकों ने गुरुवार को जिला मुख्यालय पर प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के उपरांत प्राथमिक शिक्षकों ने मुख्यमंत्री को संबोधित पत्रक जिलाधिकारी को दिया। जिसके माध्यम से प्राथमिक शिक्षकों ने सरकार से पुरानी पेंशन योजना लागू करने की मांग की। जिलाध्यक्ष राजनाथ तिवारी ने कहा कि पेंशन ही शिक्षकों और कर्मचारियों के बुढ़ापे का सहारा होता है। सरकार कर्मचारियों के हितों को ध्यान में रखकर पुरानी पेंशन योजना को लागू करे। एसोसिएशन काफी समय से पुरानी पेंशन बहाली की मांग कर रहा है। जिला महामंत्री श्रीकांत पाठक ने कहा कि पुरानी पेंशन बहाली नहीं होने पर शिक्षक धरना प्रदर्शन करने को बाध्य होंगे। इस दौरान सर्वेश त्रिपाठी, सुनील कुमार सिंह, प्रशांत दुबे, आरती कटियार, अमरेशचंद्र पाठक, शैलेंद्र कुमार सिंह, संजय सिंह, अमिता श्रीवास्तव आदि शिक्षक शामिल रहे।