मिर्जापुर। जनपद को सूखा क्षेत्र घोषित कराए जाने की मांग को लेकर गुरूवार को जिला पंचायत सदस्यों ने ज्ञापन सौंपा। जिलाधिकारी को संबोधित ज्ञापन में जिला पंचायत सदस्यो ने कहा कि जुलाई माह आधा बीत गया पर जिले में किसानों के अपेक्षा के अनुरूप कहीं भी बरसात नहीं हुई जिससे किसान मायूस हैं। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता व जिला पंचायत सदस्य अंजनी नंदन पांडेय ने कहा कि देश के प्रधानमंत्री व प्रदेश के मुख्यमंत्री का आगमन जनपद में हो रहा है पर किसानों व मजदूरों को कोई राहत पहुंचाए जाने का काम नहीं किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जनपद में बरसात न होने से जिले के अधिकांश हिस्सों में कुआं व तालाब जहां सूख गए हैं वहीं तालाब पानी विहिन हो चुके हैं। लोगों को पीने का शुद्ध पानी तक उपलब्ध नहीं हो पा रहा है जिससे लोगों में आक्रोश व्याप्त है। ज्ञापन सौंपने वालों में जिला पंचायत सदस्य भगवानदास रत्ना,आशा कोल, वसीम अहमद, अमरेश चंद यादव के अलावा बसंत, मदन गोपाल दुबे, योगेन्द्र मिश्र मौजूद रहे।