मिर्जापुर। निकाय चुनाव में अपनी किस्मत आजमाने के लिए मैदान में उतरे प्रत्याशियों के समर्थकों का रूझान के साथ साथ उनके चेहरे का रंग रूप बदलता दिखाई पड़ रहा था। रूझान आने के बाद जैसे जैसे प्रत्याशी अपने प्रतिद्वंद्वी से बढ़त व पीछे हो रहे थे, वैसे वैसे समर्थकों के चेहरे की भौहें तन व सिकुड़ रहीं थीं। परिणाम आने के बाद जीतने वाले खेमे में जहां नारेबाजी, जीत का जश्न एवं माला पहनाने वाले जुटने लगे। वहीं हारने वाले खेमे में मायूसी छाई हुई थी, समर्थक दिलासा देने में लगे रहे। मतगणना स्थल के बाहर पूरे दिन जीत, हार व आगे पीछे रहने की चर्चाएं होती रहीं। इस दौरान लोग फोन करके चुनाव परिणाम का हाल जानने व बताने में व्यस्त रहे। जीतने वाले प्रत्याशी जहां खुशी से झूम रहे थे, वहीं हारने वाले प्रत्याशी समर्थकों के साथ तैयारी में कहां कमी रह गई, क्या करते कि परिणाम विपरीत होता इस पर चर्चा करते हुए घर वापस लौट रहे थे। चुनाव जीत कर बाहर निकलने वाले प्रत्याशी समर्थकों व सगे संबंधियों के पैर छूकर आशीर्वाद ले रहे थे। जीतने वाले प्रत्याशी का उनके समर्थक बीच बीच में नारेबाजी कर रहे थे।