मिर्जापुर। मनोहारी झांकियों, बैंडबाजों तथा डीजे की धुन पर नृत्य करते युवाओं की टोली के साथ तिवराने टोला बाल भरत मिलाप का जूलूस निकला। जुलूस देखने के लिए अपार भीड़ उमड़ पड़ी। नगर विधायक रत्नाकर मिश्र ने भगवान की आरती कर मेले का शुभारंभ किया।मंगलवार को देवोत्थान एकादशी के अवसर पर नगर से निकलने वाले भरत मिलाप में परंपरागत तौर तरीकों एवं नन्हें कलाकारों के मनमोहक झांकियां निकाली गईं। सर्वप्रथम हाथी-घोड़ों के साथ भरत जी से मिलने की झांकी निकाली गई। भरत मिलन के वक्त विशेष पूजन एवं आरती शिव जी के मंदिर पर की गई। इस अवसर पर नगर विधायक रत्नाकर मिश्र ने उपस्थित जनसमूह के बीच अपने उद्बोधन में कहा कि मर्यादा पुरुषोत्तम के जीवन से यदि थोड़ी सी प्रेरणा अपने जीवन में उतार ली जाए तो इससे व्यक्ति को यश मिलेगा। उन्होंने सकारात्मक चिंतन एवं सकारात्मक कार्य करने पर बल दिया। इसके बाद सारी झांकियां मुसफ्फरगंज स्थित केबी कॉलेज से बाजे गाजे के साथ निकलना प्रारंभ हुईं। झांकी त्रिमुहानी, पक्केघाट, सुंदरघाट, वासलीगंज, खजांची का चौराहा, घंटाघर, कोतवाली रोड होते त्रिमुहानी आकर समाप्त हुईं। जुलूस में कीनाराम की गद्दी, मां काली की झांकी, राधाकृष्ण का नृत्य, महादेव-पार्वती के नृत्य, श्री हनुमान की झांकी बड़ी ही मोहक रही। जगह जगह दर्शक झांकियों को रोककर नन्हें बाल कलाकारों का नृत्य देखने की फरमाइश करते रहे। डीजे साउंड पर दृश्य लोगों को लुभा रहा था। मां काली का नृत्य देख कर लोग दंग रह गए। अंत में माता सीता, चारों भाइयों, हनुमान एवं वशिष्ट और विश्वामित्र सहित झांकी देखते ही आस्था के फूल छतों से, चबूतरों एवं सड़क से पूरे मेला मार्ग पर बरसते रहे। मेला संपन्न कराने में नर्वदाशंकर त्रिपाठी, सलिल पांडेय, दिनेश तिवारी, कमेटी के अध्यक्ष श्याम सिंह, महामंत्री कमलाकांत त्रिपाठी, उमेश द्विवेदी, रवीश त्रिपाठी, अवधेश त्रिपाठी, संजीव द्विवेदी, शिवप्रसाद सेठ, आनंद उपाध्याय, शिवकुमार तिवारी, साकेत पांडेय, चुन्ना उपाध्याय, महेश तिवारी, मनमोहन गर्ग, विभाव पांडेय आदि का योगदान रहा ।