देहात कोतवाली पुलिस ने मंगलवार को शुक्लहा से 50 लाख की हेरोइन और पौने दो लाख के गांजा व शराब बनाने के उपकरण के साथ दो लोगाें को गिरफ्तार किया। मामले की जानकारी एएसपी सिटी नितेश सिंह ने देहात कोतवाली में पत्रकार वार्ता कर जानकारी दी। बताया कि शुक्लहा में अवैध कच्ची देसी शराब का निर्माण कर बेचा जा रहा था। सूचना पर पुलिस टीम ने दबिश देकर आरोपी बच्चे लाल सोनकर निवासी शुक्लहा कोतवाली देहात को पकड़ लिया। पुलिस टीम को मौके से 12 प्लास्टिक के जरिकेन में रखा 600 लीटर अवैध कच्ची देसी शराब, शराब बनाने के उपकरण, दो गैस चूल्हे, एक गैस सिलिंडर, चार स्टील के ड्रम, एक लोहे की कड़ाही, दो एल्यूमिनियम के पात्र, तीन किलो 600 ग्राम गांजा, 252 ग्राम अवैध हेरोइन, 30180 रुपये नकदी बरामद की। पूछताछ के बाद दूसरे आरोपी दिलीप सोनकर निवासी महुवरिया को रमईपट्टी के पास से गिरफ्तार किया गया। बरामद हेरोइन की अनुमानित अंतरराष्ट्रीय कीमत 50 लाख रुपये हैं। आरोपी बच्चे लाल पर चार और दिलीप पर तीन प्राथमिकी दर्ज हैं। संवाद