लालगंज। विकास खंड क्षेत्र की 53 ग्राम सभाओं में निवासरत पांच वर्ष तक के करीब 19 हजार बच्चों को विटामिन ए का सिरप पिलाया जाएगा। इसको लेकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में बुधवार को केंद्र अधीक्षक ने आशा व एएनएम के साथ समीक्षा बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिया।बैठक में अधीक्षक संजय सिंह ने कहा कि विटामिन ए की कमी बच्चों के शारीरिक विकास, आंखों की रोशनी और रोग प्रतिरोधक क्षमता पर सीधा असर डालती है। ऐसे में सभी आशा और एएनएम अपने-अपने क्षेत्र में घर-घर जाकर बच्चों को सिरप पिलाना सुनिश्चित करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी ग्राम सभा में एक भी बच्चा छूटना नहीं चाहिए। अभियान में तेजी बनाए रखने की जरूरत है। उन्होंने निर्देश दिया कि अभियान के दौरान अभिभावकों को विटामिन ए के महत्व की जानकारी दी जाए। इससे सहयोग मिल सके। साथ ही प्रतिदिन की प्रगति रिपोर्ट संबंधित अधिकारियों को उपलब्ध कराई जाए। लापरवाही या लक्ष्य में शिथिलता पाए जाने पर कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई। बैठक में आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत पात्र लाभार्थियों के आयुष्मान कार्ड और डिजिटल स्वास्थ्य पहचान के लिए आभा आईडी निर्माण कार्य की भी समीक्षा की गई। इस दौरान फिजिशियन डाॅ. योगेश द्विवेदी,डाॅ. मनोज कुमार,डाॅ. पंकज,मुकेश सिंह,चीफ फार्मासिस्ट एसएन सरोज व आशा एएनम बैठक में शामिल रही।